कुंजापुरी मेला : दलेर मेहंदी पर भड़के मंत्री, बोले- इतनी शराब पी रखी है, क्या गाएंगे
सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने पहुंचे थे मशहूर पंजाबी सिंगर, सुबोध उनियाल ने मंच पर पहुंच कर जताई आपत्ति, कहा- धार्मिक आयोजन की मर्यादा का रखे ध्यान

देहरादून, 20 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड के टिहरी में नवरात्रि के अवसर पर आयोजित कुंजापुरी मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम में मशहूर पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी प्रस्तुति देने पहुंचे थे। मंच पर प्रस्तुति के दौरान सिंगर को कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल की नाराजगी का सामना करना पड़ा। मंत्री ने मंच पर ही सिंगर के कार्यक्रम को लेकर आपत्ति जताई। उन्होंने आयोजन की मर्यादा का हवाला दिया। मंच पर पहुंचकर कहा कि यह एक धार्मिक आयोजन है और ऐसे कार्यक्रम में शराब के नशे में प्रस्तुति देना उचित नहीं है।
प्रस्तुति के दौरान दलेर के अंदाज पर हुआ विवाद
प्रत्यक्षदर्शियों और सामने आए वीडियो के मुताबिक मंच पर दलेर मेहंदी का प्रस्तुति के दौरान अंदाज कुछ ऐसा दिखा कि उस पर विवाद गया। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल अचानक मंच पर पहुंचे और माइक अपने हाथ में लेकर गायक को खरी-खरी सुनाने लगे। उन्होंने कहा, ‘बोला तो जा नहीं रहा, गाना क्या गा पाओगे।’ सुबोध उनियाल ने कहा, ‘इतना पैसा देकर हमने आपको बुलाया है। आप बेवकूफ बना रहे हैं। आपसे बोला तो जा नहीं रहा है आप गाना क्या गाएंगे।’
कुंजापुरी मेला उत्तराखंड का प्रमुख धार्मिक आयोजन
जानकारी के अनुसार कुंजापुरी मेले के सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए दलेर मेहंदी को करीब 40 लाख रुपये की फीस देकर बुलाया गया था। हालांकि कार्यक्रम के दौरान उनकी प्रस्तुति को लेकर सवाल उठने लगे। आरोप है कि दलेर मंच पर सामान्य स्थिति में नजर नहीं आ रहे थे और वे कई जगहों पर ओरिजिनल लाइव सिंगिंग की बजाय रिकॉर्डेड ट्रैक के साथ लिप सिंक करते दिखाई दिए। इसी बात पर मंत्री सुबोध उनियाल नाराज हो गए और सीधे मंच पर पहुंच गए। कुंजापुरी मेला उत्तराखंड का प्रमुख धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन है। हर साल बड़ी संख्या में श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। फिलहाल दलेर मेहंदी या उनके प्रतिनिधियों की ओर से आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।






