Lucknow Traffic Alert : आज कई रास्ते बंद, घर से निकलने से पहले देख लें ट्रैफिक डायवर्जन
पुलिस लाइंस के आसपास जाने से बचें, पुलिस स्मृति दिवस-2026 के चलते आईटी चौराहा, निशातगंज और अयोध्या रोड समेत कई प्रमुख मार्गों पर बदलेगा यातायात, सुबह से कार्यक्रम समाप्ति तक लागू रहेगा प्रतिबंध

लखनऊ, 21 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में आज घर से निकलने से पहले ट्रैफिक डायवर्जन का रूट जरूर देख लें। पुलिस स्मृति दिवस-2026 के आयोजन के चलते पुलिस लाइंस के आसपास कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंधित रहेगा। इसका असर आईटी चौराहा, निशातगंज, महानगर, डालीगंज और अयोध्या रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन चालकों पर पड़ सकता है। ऐसे में निर्धारित रास्तों की जानकारी के बिना निकलने पर जाम में फंसने या रास्ता बदलने की परेशानी उठानी पड़ सकती है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे डायवर्जन के अनुसार ही अपने गंतव्य की ओर जाएं।
निशातगंज और महानगर से आने वाले ध्यान दें
निशातगंज से आईटी चौराहे की ओर आने वाला यातायात इंदिरा ओवरब्रिज ढाल स्थित अतिथि इन होटल तिराहे से सीधे नहीं जा सकेगा। वाहन चालक तिराहे से बाएं मुड़कर न्यू हैदराबाद निशातगंज, पुलिस लाइन के पीछे, एनसीसी कार्यालय और बंधा रोड होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
वहीं, महानगर के छन्नीलाल चौराहे से सेंट्रल बैंक तिराहे की ओर आने वाले वाहन सेंट्रल बैंक तिराहे से पुलिस लाइन अस्पताल गेट नंबर-5 और आईटी चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इनके लिए इंदिरा ओवरब्रिज ढाल तिराहे से निशातगंज या न्यू हैदराबाद, एनसीसी कार्यालय और बंधा रोड का वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किया गया है।
अयोध्या रोड और डालीगंज से आने वालों के लिए बदला रास्ता
अयोध्या रोड और जीटीआई की ओर से आने वाली रोडवेज व सिटी बसें बादशाहनगर चौराहे से निशातगंज और आईटी चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगी। ये वाहन ओवरब्रिज से पेपर मिल तिराहा और सुशीला स्मृति वाटिका होते हुए अपने गंतव्य तक जाएंगे।
सुभाष चौराहा, हनुमान सेतु और डालीगंज पुल की ओर से आने वाले वाहन आईटी चौराहे से पुलिस लाइन गेट नंबर-5, अयोध्या रोड और निशातगंज की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें आईटी चौराहे से सीधे या बाएं मुड़कर निराला नगर, विवेकानंद ओवरब्रिज, कपूरथला और छन्नीलाल चौराहे के रास्ते जाना होगा।
इसी तरह निराला नगर चौराहा नंबर-4 से आईटी चौराहे की ओर सामान्य यातायात प्रतिबंधित रहेगा। वाहन चालक यहां से दाएं मुड़कर डालीगंज के रास्ते जा सकेंगे। डालीगंज से आने वाले वाहन आईटी चौराहे से आईटी मेट्रो स्टेशन की ओर नहीं जा पाएंगे। उन्हें निराला नगर या कपूरथला की ओर जाना होगा।
सुबह से नो पार्किंग, इमरजेंसी में इस नंबर पर करें संपर्क
पुलिस स्मृति दिवस का कार्यक्रम सुबह से शुरू होने के कारण कार्यक्रम समाप्त होने तक आईटी चौराहे से पुलिस लाइन अस्पताल गेट नंबर-5, अयोध्या रोड के बीच किसी भी वाहन की आवाजाही और पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, एंबुलेंस, शव वाहन, फायर सर्विस और स्कूली वाहनों को पुलिस की ओर से रास्ता उपलब्ध कराया जाएगा। किसी आपात स्थिति में यातायात नियंत्रण कक्ष के नंबर 9454405155 पर संपर्क किया जा सकता है।






