Dehradun News : सचिवालय में महिला अधिकारी से छेड़छाड़, आरोपी कर्मचारी की पिटाई से मचा हंगामा
फेसबुक पर संपर्क की कोशिश के बाद फोन कॉल से परेशान करने का आरोप, कार्यालय में गाली-गलौज व धमकी देने की शिकायत पर पुलिस ने दर्ज किया केस

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 22 अक्टूबर 2026:
उत्तराखंड सचिवालय में महिला अनुभाग अधिकारी से छेड़छाड़ व अभद्रता का मामला सामने आया है। महिला की शिकायत पर शहर कोतवाली पुलिस ने आरोपी कर्मचारी पंकज सिंह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सचिवालय परिसर के एटीएम चौक पर मामला गरमाने के बाद कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़कर पीट दिया। घटना से परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
फेसबुक पर ब्लॉक करने के बाद भी कॉल करने का आरोप
मामला आयुष एवं आयुष शिक्षा विभाग से जुड़ा है। शिकायत के मुताबिक, सहकारिता विभाग में सचिव कार्यालय से संबद्ध चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी पंकज सिंह पिछले कई दिनों से महिला अनुभाग अधिकारी को परेशान कर रहा था। आरोप है कि उसने पहले फेसबुक के जरिए संपर्क करने की कोशिश की। महिला अधिकारी ने उसे ब्लॉक कर दिया, इसके बाद भी वह उनके मोबाइल पर लगातार फोन करता रहा।
कार्यालय में गाली-गलौज व धमकी देने की शिकायत
महिला अधिकारी ने सचिवालय प्रशासन को दी शिकायत में आरोप लगाया कि 16 अक्टूबर को पंकज सिंह नशे की हालत में उनके कार्यालय पहुंचा। वहां उसने गाली-गलौज की, अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। विरोध करने पर उसने देख लेने की धमकी दी। इस दौरान सहकर्मियों के साथ भी बदतमीजी करने का आरोप है।
एटीएम चौक पर कर्मचारियों ने की पिटाई
मामला सचिवालय परिसर के एटीएम चौक तक पहुंच गया। सचिवालय कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों व कर्मचारियों ने आरोपी को पकड़ लिया। इसके बाद उसकी पिटाई कर दी गई। घटना के बाद मामला प्रशासन व पुलिस तक पहुंचा।
सुरक्षा को लेकर जताई चिंता
महिला अधिकारी ने शिकायत में अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि वह दोपहिया वाहन से सचिवालय आती-जाती हैं। लगातार परेशान किए जाने के चलते उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है।
सेवाएं खत्म करने की प्रक्रिया शुरू
मामले को गंभीरता से लेते हुए सचिवालय प्रशासन ने आरोपी को हटाने के साथ उसकी सेवाएं समाप्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं, शहर कोतवाली पुलिस ने महिला अधिकारी की शिकायत पर पंकज सिंह के खिलाफ़ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपों की जांच कर रही है।






