Sitapur News : पानी लेने निकली मासूम के साथ खेत में किया रेप, प्रधान का नौकर फरार, बच्ची लखनऊ रेफर
खेलने का लालच देकर बच्ची को सुनसान जगह ले गया आरोपी, खेत में बेसुध मिली मासूम, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

सीतापुर, 25 अक्टूबर 2026:
यूपी के सीतापुर जिले में आठ साल की बच्ची से दुष्कर्म का मामला सामने आया है। महोली कोतवाली क्षेत्र में ग्राम प्रधान के यहां काम करने वाले अशोक यादव पर वारदात को अंजाम देने का आरोप है। परिजनों के मुताबिक, आरोपी बच्ची को गन्ने के खेत में ले गया, जहां उसके साथ दुष्कर्म किया। गंभीर हालत में बच्ची को जिला अस्पताल से लखनऊ रेफर किया गया है। घटना के बाद से आरोपी फरार है।
घर से पानी लेने गई नल पर गई थी बच्ची
जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम बच्ची घर से पानी लेने के लिए नल पर गई थी। आरोप है कि इसी दौरान अशोक यादव ने उसे खिलाने-पिलाने का लालच दिया। बच्ची उसके साथ चली गई। इसके बाद आरोपी उसे सुनसान जगह पर स्थित गन्ने के खेत में ले गया। वारदात के बाद वह बच्ची को वहीं छोड़कर भाग निकला। आरोपी के शराब के नशे में होने की बात भी सामने आई है।
घर न लौटने पर खोजबीन के दौरान खेत में मिली
बच्ची काफी देर तक घर नहीं लौटी तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। काफी देर बाद वह गन्ने के खेत में बेसुध हालत में मिली। होश आने पर बच्ची ने परिजनों को अपने साथ हुई घटना के बारे में बताया। परिजन उसे जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। बच्ची की गंभीर हालत देखते हुए डॉक्टरों ने उसे लखनऊ रेफर कर दिया।
मजदूरी करके परिवार पालते हैं पिता
बच्ची के पिता खेतों में मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते हैं। परिवार में आठ साल की बच्ची के अलावा पांच साल की बेटी व एक साल का बेटा भी है। घटना के बाद से परिवार डरा हुआ है। पिता ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। उनका कहना है कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, लेकिन वह अपनी बेटी को न्याय दिलाना चाहते हैं। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया केस
घटना सामने आने के बाद इलाके में नाराजगी है। परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। महोली कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जेबी पांडे के मुताबिक, तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। मामले से जुड़े तथ्यों की भी जांच की जा रही है।






