उत्तर प्रदेश में लू को लेकर मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए चेतावनी जारी की

लखनऊ,8 अप्रैल 2025:
उत्तर प्रदेश में गर्मी ने फिर से अपना विकराल रूप दिखाना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लू को लेकर अलर्ट जारी किया है। विशेष रूप से आगरा और बुंदेलखंड क्षेत्र में लू के गंभीर प्रकोप की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली से सटे उत्तर प्रदेश के लगभग 15 जिलों में लू को लेकर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। गाजियाबाद, हापुड़, और गौतम बुद्ध नगर के लिए विशेष अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा बुलन्दशहर, अलीगढ़, मथुरा और हाथरस में भी लू की आशंका को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।
आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी और इटावा जिलों में भी गर्म हवाओं का प्रभाव अधिक रहने की संभावना है, जिसके चलते इन क्षेत्रों में भी मौसम विभाग ने अलर्ट घोषित किया है।
मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि अत्यधिक गर्मी के समय बाहर निकलने से बचें, धूप में निकलते समय सिर को ढकें और पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई गई है।






