लखनऊ की नहर में एक साथ मिलीं 6 डॉल्फिन, वन विभाग ने किया रेस्क्यू, देखने उमड़ी भीड़

लखनऊ, 28 मई 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ के नगराम इलाके से गुजरने वाली शारदा सहायक (इंदिरा) नहर में बुधवार सुबह एक साथ 6 डॉल्फिन दिखने से इलाके के लोगों का वहां मजमा लग गया। भोरा खुर्द गांव के पास नहर में डॉल्फिनों को देखकर स्थानीय लोगों ने वन विभाग और पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही नगराम थानाध्यक्ष विवेक चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को नियंत्रित किया। वन विभाग की एक टीम मौके पर पहुंची और सभी डॉल्फिन को सुरक्षित रेस्क्यू किया।
वन कर्मियों के अनुसार नहर में पानी कम होने के चलते डॉल्फिन एक स्थान पर एकत्रित हो गई थीं। सभी डॉल्फिन जीवित और स्वस्थ प्रतीत हो रही हैं लेकिन उनका चिकित्सकीय परीक्षण किया जाएगा। इसके बाद उन्हें सुरक्षित और उपयुक्त जल क्षेत्र में छोड़ा जाएगा।
रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान नहर किनारे सैकड़ों ग्रामीण जुट गए थे। कई लोग वीडियो और फोटो लेने लगे, जिससे भीड़ को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। वन विभाग का कहना है कि डॉल्फिन का इस क्षेत्र में आना असामान्य है। इसकी जांच की जाएगी कि वे नहर में कैसे पहुंचीं।







