पूर्व पीएम चंद्रशेखर की पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा, नेताओं ने विचारों की विरासत को बताया प्रेरणास्रोत

लखनऊ, 8 जुलाई 2025:
पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर की पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को लखनऊ में विधानभवन के पास विधायक निवास दारुलशफा में चंद्रशेखर चबूतरा पर आयोजित ‘नमन कार्यक्रम’ में प्रदेश के कई प्रमुख नेताओं ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में वक्ताओं ने चंद्रशेखर को विचारों का पुरोधा बताया और उनके आदर्शों को नई पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बताया।
चंद्रशेखर की जेल डायरी जरूर पढ़े नई पीढ़ी : सुरेश खन्ना
प्रदेश के संसदीय कार्य एवं वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि चंद्रशेखर विचारों के नेता थे। अपने सिद्धांतों से कभी समझौता नहीं करते थे। उन्होंने कहा, “नई पीढ़ी को उनकी जेल डायरी अवश्य पढ़नी चाहिए, जो उनके विचारों की गहराई को उजागर करती है।”
सपा के वरिष्ठ नेता रामगोविन्द चौधरी ने चंद्रशेखर को अपनी राजनीतिक प्रेरणा बताते हुए कहा, “आज जो कुछ भी हूं, वह चंद्रशेखर जी की ही देन है। उनके जैसा निर्भीक और सिद्धांतनिष्ठ नेता दूसरा नहीं हो सकता।”
राज्य के मंत्री डॉ. संजय निषाद ने कहा कि चंद्रशेखर हमेशा कमजोर और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण के पक्षधर रहे। वहीं, पूर्व मंत्री अरविंद सिंह गोप ने उनके दिखाए रास्ते को आज के भारत के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जनसत्ता दल के अध्यक्ष रघुराज प्रताप सिंह ने कहा, “चंद्रशेखर ऐसे राजनेता थे जिन्हें कभी पद की लालसा नहीं रही। उनके विचार और पुस्तकें देश की अमूल्य धरोहर हैं।”
कार्यक्रम में विधान परिषद सदस्य केपी श्रीवास्तव, दीपक सिंह, रामसूरत राजभर, विधायक शलभमणि त्रिपाठी, अभय सिंह, रामवीर सिंह, राकेश प्रताप सिंह, पूर्व विधायक यशपाल सिंह, कुबेर सिंह भंडारी, लोकतंत्र सेनानी धीरेन्द्र नाथ श्रीवास्तव, पत्रकार राघवेंद्र त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने चंद्रशेखर को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके विचारों को नमन किया।






