व्यापारियों ने उठाई अंग्रेजों के जमाने के कानून खत्म करने की मांग, लखनऊ में व्यापार पत्रिका का विमोचन
अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से आयोजन, कारोबारियों ने व्यापार जगत से जुड़े विविध मुद्दों पर किया मंथन
लखनऊ, 4 नवंबर 2025:
यूपी की राजधानी लखनऊ के गौतमबुद्ध मार्ग स्थित एक होटल में मंगलवार को अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संगठन की नई व्यापार पत्रिका का औपचारिक विमोचन किया गया।
इस अवसर पर व्यापार जगत से जुड़े कई प्रमुख उद्योगपति, व्यापारी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। बताया गया कि यह व्यापार पत्रिका व्यापारिक सूचनाओं, नीतिगत परिवर्तनों और आर्थिक गतिविधियों के आदान-प्रदान का सशक्त माध्यम बनेगी।
कार्यक्रम के दौरान व्यापार जगत से जुड़े विविध मुद्दों पर चर्चा की गई। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल ने कहा कि अब समय आ गया है कि देश में लागू पुराने औपनिवेशिक कानूनों को समाप्त किया जाए। अंग्रेजी शासन की व्यवस्था अब भारत के व्यापारिक तंत्र पर बोझ बन चुकी है।
उन्होंने कहा कि व्यापारी वर्ग देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, इसलिए सरकार और समाज दोनों को मिलकर इसे और सशक्त बनाने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।व्यापारियों की सरकार से दो टूक मांग है कि औपनिवेशिक युग के सभी अप्रासंगिक कानूनों को तत्काल समाप्त किया जाए।






