Lucknow City

लखनऊ में अपने प्लॉट पर घर बनाने की तैयारी… तो जल्द आने वाली है आपकी बारी

सुल्तानपुर रोड पर LDA की आईटी सिटी योजना जनवरी में होगी लॉन्च, 10 हजार प्लॉट विकसित किए जाएंगे, एक लाख आबादी का होगा बसेरा

लखनऊ, 24 नवंबर 2025:

यूपी की राजधानी लखनऊ में अपना घर बनाने के लिए डेवलप एरिया में प्लॉट तलाश रहे लोगों के लिए अच्छी खबर है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की बहुप्रतीक्षित आईटी सिटी योजना जनवरी में लॉन्च होने जा रही है। सुल्तानपुर रोड और किसान पथ से सीधे जुड़ी इस मेगा योजना में करीब 10,000 आवासीय प्लॉट विकसित किए जा रहे हैं। इस योजना में लगभग एक लाख लोगों को रहने की सुविधा मिलेगी।

योजना की सबसे खास बात यह है कि इसे 2660 एकड़ में लैंड पूलिंग मॉडल पर विकसित किया जा रहा है। जमीन देने वाले किसानों और जमीन मालिकों को 25 प्रतिशत विकसित भूखंड वापस मिलेगा। इससे पारंपरिक मुआवजे की तुलना में कई गुना अधिक लाभ होगा।

आईटी सिटी में 72 से 200 वर्ग मीटर तक के आवासीय प्लॉट होंगे। 400 एकड़ औद्योगिक गतिविधियों और 200 एकड़ व्यावसायिक उपयोग के लिए सुरक्षित रखा जाएगा। योजना में बक्कास, सोनई कंजेहरा, सिकंदरपुर अमोलिया, सिद्धपुरा, परेहटा, पहाड़नगर टिकरिया, रकीबाबाद, मोहारी खुर्द, मोहारी कला, खुजौली और भटवारा जैसे गांवों की जमीन शामिल है।

ये भी पढ़ें:

इस योजना का आकर्षण बढ़ाने के लिए 200 एकड़ हरित बेल्ट में गोल्फ सिटी और 15 एकड़ की सुंदर वाटर बॉडी भी तैयार की जाएगी। इसके साथ ही 5 करोड़ की लागत से किसान पथ को जोड़ने वाला दो किलोमीटर लंबा मार्ग बनाया जाएगा।

एलडीए अधिकारियों के अनुसार जनवरी में पहले चरण की लॉटरी जमीन दाताओं के लिए होगी। इसके बाद सामान्य जनता के लिए पंजीकरण खोला जाएगा। लखनऊ में आधुनिक सुविधाओं के साथ घर बनाने की तैयारी कर रहे लोगों के लिए यह योजना बेहतर अवसर साबित हो सकती है।

ये भी पढ़ें  टी-20 विश्व कप फाइनल से पहले लखनऊ में जोश हाई, ‘रन फॉर इंडिया’ मैराथन में दौड़े क्रिकेट प्रेमी

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button