लखनऊ, 28 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अपने घर का सपना देख रहे लोगों के लिए सुनहरा मौका आया है। लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने अनंतनगर योजना के तहत 498 भूखण्डों के लिए पंजीकरण खोलने का ऐलान कर दिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर यह प्रक्रिया आज से शुरू होकर 27 मई तक चलेगी। खास बात यह है कि पूरी आवेदन प्रक्रिया ऑनलाइन होगी और प्लॉट्स का आवंटन पूरी पारदर्शिता के साथ लॉटरी सिस्टम से किया जाएगा।
मोहान रोड पर 785 एकड़ में विकसित हो रही महत्वाकांक्षी अनंतनगर योजना भविष्य के स्मार्ट शहर की झलक पेश करती है। यहां करीब डेढ़ लाख लोगों को बसाने का लक्ष्य है। योजना को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप ग्रिड पैटर्न पर विकसित किया जा रहा है। इसमें चौड़ी सड़कें, भूमिगत बिजली केबल और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर शामिल हैं।
एलडीए के मुताबिक इस चरण में आलोक खंड के 493, आदर्श खंड के 4 और आकाश खंड का एक प्लॉट शामिल है। कुल 498 भूखण्डों में 288 वर्गमीटर के 155, 200 वर्गमीटर के 178 और 162 वर्गमीटर के 165 प्लॉट उपलब्ध होंगे। आवेदन के लिए इच्छुक लोगों को एलडीए की वेबसाइट पर लॉगइन कर पंजीकरण पुस्तिका खरीदनी होगी और प्लॉट के अनुमानित मूल्य का 5 प्रतिशत रजिस्ट्रेशन शुल्क जमा करना होगा।
योजना की खासियतों में 130 एकड़ में विकसित ग्रीन स्पेस, एडुटेक सिटी, ईवी चार्जिंग स्टेशन, सामुदायिक केंद्र, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट और जीरो लिक्विड डिस्चार्ज जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल हैं। इसके साथ ही स्वच्छ जल आपूर्ति और निर्बाध बिजली के लिए भूमिगत नेटवर्क तैयार किया जा रहा है। गौरतलब है कि इससे पहले तीन चरणों में 1283 भूखण्डों का आवंटन किया जा चुका है। इसमें 29 हजार से ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया था। ऐसे में इस बार भी जबरदस्त प्रतिस्पर्धा तय मानी जा रही है।






