Raebareli City

SIR : महिला बीएलओ व लेखपाल को पीटा…तमंचा लेकर दौड़ाया, ग्राम प्रधान व पिता गिरफ्तार

घटना की जानकारी उपजिलाधिकारी सलोन चंद्र प्रकाश को दी गई वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए

विजय पटेल

रायबरेली, 29 नवंबर 2025:

रायबरेली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) सर्वेक्षण के दौरान ग्राम प्रधान द्वारा महिला बीएलओ और लेखपाल पर हमला करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि ग्राम प्रधान ने न सिर्फ सरकारी काम में बाधा डाली, बल्कि प्रपत्र फाड़ दिए और कर्मचारियों पर तमंचा तानकर उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। पुलिस ने मामले में ग्राम प्रधान दीपक यादव और उनके पिता कृष्ण यादव को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

घटना कोतवाली क्षेत्र के पूरे अहिरन मोहद्दीनगर मजरे पाल्हीपुर गांव की है। यहां महिला बीएलओ आरती यादव और लेखपाल अविनाश भारती SIR सर्वेक्षण का काम कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम प्रधान दीपक यादव अपने पिता कृष्ण यादव और सहयोगी नोखई के साथ मौके पर पहुंचे और सर्वे में दखल देने लगे। जब बीएलओ ने शांति से काम करने की बात कही तो प्रधान ने उनके साथ अभद्रता शुरू कर दी। लेखपाल के हस्तक्षेप करने पर प्रधान ने SIR से जुड़े प्रपत्र फाड़ दिए और गाली-गलौज करने लगे। विरोध होने पर प्रधान और उसके पिता ने दोनों कर्मचारियों पर हमला कर दिया।

पीड़ितों ने बताया कि प्रधान दीपक यादव ने उन पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी भी दी। अपनी जान बचाने के लिए बीएलओ और लेखपाल भागने लगे तो प्रधान ने उन्हें दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। ग्रामीणों की मदद से दोनों किसी तरह बच पाए।घटना की जानकारी एसडीएम सलोन चंद्र प्रकाश को दी गई। वे मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेकर कोतवाली पुलिस को कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस ने जांच के आधार पर ग्राम प्रधान दीपक यादव और उनके पिता कृष्ण यादव के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

ये भी पढ़ें  रायबरेली : 176 सरकारी बसों में होगी म्यूजिक सिस्टम व चार्जिंग की सुविधा... तैयारी तेज

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button