लखनऊ, 18 जनवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में कड़ाके की ठंड के बीच बिजली कटौती ने आम लोगों की परेशानियों को बढ़ा दिया है। एक ओर लोग ठंड से बचने के लिए हीटर आदि पर निर्भर हैं तो दूसरी ओर बार-बार हो रही बिजली कटौती ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। आज एक बार फिर शहर के हजारों उपभोक्ताओं को घंटों बिजली संकट का सामना करना पड़ेगा।
बिजली विभाग द्वारा विभिन्न उपकेंद्रों पर मरम्मत और सुधार कार्य कराए जाने के चलते कई प्रमुख इलाकों में तय समय पर बिजली आपूर्ति बाधित रहेगी। 220 केवी पारेषण उपकेंद्र पर मेंटेनेंस कार्य के कारण सुबह 8 बजे से 9 बजे तक अंसल और एसएएस होटल क्षेत्र की बिजली आपूर्ति प्रभावित रहेगी। यूपीएसआईडीसी उपकेंद्र पर ब्रेकर बदले जाने के कारण सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक कपासी, जैनाबाद, देवस्थान और औद्योगिक क्षेत्र में बिजली बंद रहेगी।
इसके अलावा विराजखंड उपकेंद्र से जुड़े विनीतखंड के सीपी-11 से सीपी-26 तक सुबह 11 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक बिजली आपूर्ति ठप रहेगी। अहिबरनपुर उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले पक्का पुल, खदरा, कदम रसूल, वाल्मीकि कॉलोनी, दीनदयालनगर और आसपास के इलाकों में दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक बिजली कटौती की जाएगी।
इसी बीच नक्खास इलाके के शाहगंज मोहल्ले में शनिवार को एक बड़ा हादसा टल गया। यहां एक सफाईकर्मी कूड़ा उठाते समय अचानक करंट की चपेट में आ गया। गनीमत रही कि वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद मोहल्ले में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के कई घरों के लोग बाहर निकल आए और नलों में करंट आने की शिकायत करने लगे। करीब तीन घंटे तक इलाके में दहशत का माहौल बना रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बिजली के खंभे में इतना तेज करंट आ रहा था कि पास पड़ा कूड़े का ढेर तक जलने लगा। मोहल्लेवासियों ने तुरंत नादान महल रोड उपकेंद्र को सूचना दी। बिजली आपूर्ति बंद कर कर्मचारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच की। परीक्षण करने पर खंभे में 220 वोल्ट करंट की पुष्टि हुई। जांच में सामने आया कि खंभे का फ्यूज वायर टूटकर खंभे से छू गया था। कर्मचारियों ने फ्यूज वायर ठीक कर समस्या का समाधान किया। इसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली।






