लखनऊ, 23 जनवरी 2026:
किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय (केजीएमयू) प्रशासन ने परिसर में बनी सभी मजारों को हटाने के लिए 15 दिन का नोटिस जारी किया है। इस कार्रवाई के तहत विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी मजारों पर नोटिस चस्पा कर दिए हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में मजारें नहीं हटाई गईं, तो केजीएमयू अपने स्तर पर निर्णय लेकर इन्हें हटाने की कार्रवाई करेगा। केजीएमयू के प्रवक्ता प्रो. केके सिंह ने बताया कि इन अवैध मजारों के कारण परिसर में आवागमन बाधित हो रहा है। साथ ही पार्किंग की समस्या बढ़ गई है और मजारों के आसपास अतिक्रमण भी लगातार बढ़ रहा है। इसी वजह से प्रशासन ने इन्हें हटाने का फैसला लिया है।

उन्होंने कहा कि सभी संबंधित लोगों को 15 दिन के भीतर मजार हटाने के लिए कहा गया है। इसके बाद जरूरत पड़ने पर प्रशासन इन्हें हटाएगा और इस प्रक्रिया में आने वाले खर्च की भरपाई भी कराई जाएगी। बताया जा रहा है कि केजीएमयू में धर्मांतरण के प्रयास से जुड़े मामले के तूल पकड़ने के बाद प्रशासन ने यह सख्त कदम उठाया है। इस मामले में केजीएमयू प्रशासन और राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष के बीच तनातनी ने काफी सुर्खियां बटोरीं थीं। नौबत विरोध में ओपीडी बंद करने की आ गई थी।






