बाराबंकी, 3 फरवरी 2026:
बदोसराय के खोर एत्महादपुर में एक छप्परनुमा घर में एनआइए, एटीएस व एसटीएफ की टीमों ने छापा मारा। इससे पहले टीमों ने घर के मालिक झम्मन के बेटे रामलखन को सफेदाबाद के हिंद अस्पताल से हिरासत में ले लिया था। इसके बाद घर की डिटेक्टर डिवाइस से जांच हुई और कोने-कोने की तलाशी ली गई। फिलहाल यहां कुछ आपत्तिजनक न मिलने पर टीम रामलखन को लेकर लखनऊ लौट आई। इसके बाद पुलिस ने भी कई जगह धरपकड़ के लिए कई जगह दबिश दी। फिलहाल अभी टीमों की छापेमारी का मकसद साफ नहीं हो सका है। चर्चा है कि दिल्ली में रहने वाले रामलखन का कोई आतंकी कनेक्शन हो सकता है।

थाना बदोसराय क्षेत्र के खोर एत्महादपुर गांव में झम्मन का छप्पर नुमा मकान है। झम्मन के परिवार में पत्नी सियावती के अलावा 6 बच्चे हैं। इनमें चार भाई और दो बहनें हैं। राम लखन भाई बहनों में दूसरे नंबर पर है। रामलखन दिल्ली में रामलखन दिल्ली में ऑटो स्पेयर पार्ट्स की कंपनी में काम करता है। राम लखन के छोटे भाई शिवम ने बताया मां को कैंसर है। उनका सफेदाबाद स्थित हिंद अस्पताल में इलाज चल रहा है। भाई दो दिन पहले दिल्ली से मां का इलाज कराने आया था। पापा और भाई रामलखन मां के साथ अस्पताल में थे।
सुबह लगभग आठ बजे तीन गाड़ियों से एनआइए, एटीएस व एसटीएफ की टीमों ने घर में डिटेक्टर मशीनों से तलाशी ली। कोना-कोना देखा गया लेकिन कोई आपत्तिजनक वस्तु नहीं मिली। बताया गया कि टीमों ने गांव आने से पहले ही हिंद अस्पताल से राम लखन को हिरासत में ले लिया था।

बताया गया कि रामलखन सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव है, उसका रामलखन पासी 3628 नाम से फेसबुक अकाउंट है। जिसके 6.3 हजार फॉलोअर हैं। उसने एक दिन पहले लाखन पासी के नाम से पोस्टर डाला है। जिसपर 2 फरवरी को सीतापुर में महाराजा छीता पासी के किले पर जाने की बात लिखी गई है। फिलहाल धरपकड़ की वजह क्या है ये टीमों की पूछताछ के बाद ही पता चल सकेगा।






