लखनऊ, 5 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और अतिक्रमण के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बुलडोजर कार्रवाई की है। शहर के अलग-अलग इलाकों में चलाए गए विशेष अभियान के तहत अवैध रेस्टोरेंट, प्लॉटिंग, मैरिज लॉन, हॉस्पिटल और व्यावसायिक निर्माणों को ध्वस्त व सील किया गया। एलडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माणकर्ताओं में हड़कंप मच गया है।
एलडीए अधिकारियों के मुताबिक गोमतीनगर के विभूतिखण्ड स्थित भूखण्ड संख्या 4/4 में बने रोहताश प्रेसिडेंशियल अपार्टमेंट की ओपन पार्किंग और सेटबैक क्षेत्र में अवैध रूप से निर्मित पंजाबी ढाबा (साईं ढाबा) और लिटिल शेफ रेस्टोरेंट को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। यह निर्माण स्वीकृत मानचित्र के विपरीत पाए गए थे, जिस पर एलडीए ने सख्त कदम उठाया।
इसी क्रम में चिनहट के उत्तरधौना क्षेत्र में स्थित स्प्रिंग गार्डेन फेज-2 में स्वीकृत मानचित्र के अनुरूप निर्माण कार्य में बाधा बन रहे अवैध निर्माण और अतिक्रमण को हटाया गया। एलडीए ने मौके पर पहुंचकर नियोजित विकास कार्य को सुचारू रूप से आगे बढ़ाने में सहयोग किया। मोहनलालगंज क्षेत्र के ग्राम खुजौली में एलडीए ने लगभग 30 बीघा क्षेत्रफल में की जा रही दो अवैध प्लॉटिंग पर बड़ी कार्रवाई की। निजी विकासकर्ताओं मुकेश और सतीश कुमार द्वारा अवैध रूप से विकसित की गई सड़कों, नालियों और बाउंड्रीवॉल को ध्वस्त कर दिया गया।
इसके अलावा सरोजनीनगर के ग्राम अनौरा में 1000 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने आरडी पैलेस मैरिज लॉन को सील किया गया। पारा क्षेत्र के मोहान रोड पर 150 वर्गमीटर में बने एसडी हॉस्पिटल को भी सील कर दिया गया। वहीं पारा के चुन्नूखेड़ा में आयुष चौहान द्वारा लगभग 2500 वर्गमीटर में बनाए जा रहे 25 रो-हाउस भवनों को भी सील किया गया।
काकोरी और पारा क्षेत्र में तीन अन्य अवैध व्यावसायिक निर्माणों पर भी सीलिंग की कार्रवाई की गई। एलडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध निर्माण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।






