बाराबंकी, 6 फरवरी 2026:
जो रब है वही राम हैं का संदेश व हिंदू-मुस्लिम की साझा होली के लिए देवा शरीफ की दरगाह देश दुनिया मे मशहूर है। उसी दरगाह के पास जियारत के लिए चादर बेचने वाले एक दुकानदार ने तहजीब को शर्मसार कर दिया। उसने एक युवक को पंडित कहकर पकड़ा व माथे पर लगा तिलक पानी से धुल दिया और अभद्रता भी की। शायद कोई इस पर यकीन न करता लेकिन पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई। शिकायत व डिजिटल एविडेंस पर पुलिस ने तहरीर लेकर आरोपी को हिरासत में लिया। हिंदू युवक के साथ रही मुस्लिम महिला ने भी इस हरकत पर एतराज जताया।
दरअसल बाराबंकी शहर के दशहराबाग निवासी हरीश शर्मा अपनी पड़ोसी मुस्लिम महिला आयशा बानो के साथ देवा शरीफ दरगाह पर चादर चढ़ाने पहुंचे थे। हरीश के अनुसार, जब आयशा बानो चादर चढ़ाने के लिए अंदर गईं, तब वह बाहर खड़े होकर चने खा रहे थे और दरगाह की ओर बढ़ रहे थे। इसी दौरान वहां मौजूद सिन्नी चादर बेचने वाले स्थानीय दुकानदार जावेद ने उन्हें जाति सूचक सम्बोधन पंडित कहकर रोका।

हरीश शर्मा का आरोप है कि उन्हें जबरन पकड़कर खींचते हुए सड़क किनारे एक दुकान पर ले जाया गया, जहां उनके माथे पर लगा तिलक धुलवा दिया गया। उनके साथ हाथापाई की कोशिश की व प्रसाद थमाया, उसने जेब से पैसे निकाले दुकानदार ने पूरे पैसे छीन लिए। घटना के बाद दरगाह से लौटी आयशा बानो ने भी इस हरकत का विरोध किया और आरोपी के व्यवहार पर एतराज जताकर साथ मे ही कोतवाली पहुंची।
घटना के बाद हरीश शर्मा ने देवा कोतवाली में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज और वीडियो को जांच में शामिल किया गया है। पीड़ित से तहरीर लेकर आरोपी दुकानदार को हिरासत में लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं दरगाह कमेटी के मैनेजर हसन शाद ने भी इस हरकत की निंदा की है।






