Barabanki City

परिवार रोजमर्रा के काम में था व्यस्त… अचानक कमरे से आई गोली की आवाज, बाराबंकी में टेंट कारोबारी की हुई दर्दनाक मौत

बाराबंकी में टेंट और किराना व्यवसायी नवीन जायसवाल ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया, जबकि पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है

बाराबंकी, 21 जनवरी 2026:

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी शहर कोतवाली क्षेत्र के आजाद नगर मोहल्ले में आज सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब टेंट और किराना व्यवसायी नवीन जायसवाल (50) ने अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही घर में मौजूद परिजन घबरा गए और अफरा-तफरी मच गई। गंभीर हालत में नवीन को लखनऊ रोड स्थित हिंद मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

परिजनों के मुताबिक घटना सुबह करीब 7:30 बजे की है। उस समय परिवार के सदस्य रोजमर्रा के कामों में लगे थे। इसी दौरान नवीन के कमरे से अचानक गोली चलने की आवाज आई। जब परिजन दौड़कर कमरे में पहुंचे, तो देखा कि उनके सिर में गोली लगी हुई थी। आसपास के लोगों और परिजनों का कहना है कि नवीन कुछ समय से आर्थिक तंगी और पारिवारिक परेशानियों से जूझ रहे थे।

नवीन जायसवाल अपने पिता के इकलौते पुत्र थे और पूरे कारोबार की जिम्मेदारी संभालते थे। उनके परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री हैं। पुत्री एमबीए कर नौकरी कर रही है, जबकि पुत्र किराने की दुकान देखता है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा है और पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।

शहर कोतवाल सुधीर कुमार सिंह के अनुसार सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। प्रारंभिक जांच में सिर में गोली लगने की पुष्टि हुई है। पुलिस लाइसेंसी पिस्टल, लाइसेंस के कागजात और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button