Barabanki City

बाराबंकी न्यूज : सुपारी देकर कराई थी धान व्यापारी की हत्या, 24 लाख के लेनदेन से आई दरार, पार्टनर समेत 4 गिरफ्तार

सीतापुर के नितेश मौर्य हत्याकांड का बाराबंकी पुलिस ने किया खुलासा, ROप्लांट के 14 लाख रुपये देने थे, धान कारोबार में भी 10 लाख की हेराफेरी का आरोप; महिला से बातचीत को लेकर भी थी रंजिश

बाराबंकी, 31 अक्टूबर 2026:

सीतापुर के कारोबारी नितेश कुमार मौर्य की हत्या के पीछे 24 लाख रुपये का कारोबारी विवाद सामने आया है। बाराबंकी पुलिस की जांच में पता चला है कि नितेश के साझेदार मनोज मौर्य ने अपने साथी अंकित गुप्ता के साथ मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची थी। मनोज ने नितेश को रास्ते से हटाने के लिए दीपू उर्फ दिलीप कुमार वर्मा को पांच लाख रुपये की सुपारी दी थी। दीपू ने अमरेंद्र वर्मा समेत कुछ अन्य लोगों को भी इस साजिश में शामिल किया। पुलिस ने शनिवार को मनोज, अंकित, दीपू तथा अमरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। इनके पास से वारदात में इस्तेमाल स्विफ्ट डिजायर कार बरामद हुई है।

रकम वापस मांगने पर आरोपियों में बनाया मर्डर का प्लान

सीतापुर के सदरपुर क्षेत्र स्थित महिपत सरैया निवासी नितेश धान खरीद का कारोबार करता था। गांव के ही मनोज मौर्य के साथ कारोबारी लेनदेन चलता रहता था। मनोज ने उससे आरओ प्लांट लगवाने के नाम पर 14 लाख रुपये लिए थे, जबकि धान खरीद के कारोबार में भी करीब 10 लाख रुपये की हेराफेरी कर रकम अपने पास रख ली थी। नितेश लगातार मनोज से अपने पैसे मांग रहा था। इसी को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया था। इसके अलावा नितेश तथा अंकित गुप्ता के एक ही महिला से बातचीत करने को लेकर भी दोनों के बीच रंजिश थी। पुलिस का कहना है कि इन दोनों वजहों से मनोज तथा अंकित ने नितेश की हत्या की योजना बनाई।

पांच लाख में दी हत्या की जिम्मेदारी

मनोज ने हत्या की योजना को अंजाम देने के लिए रामपुर मथुरा निवासी दीपू उर्फ दिलीप कुमार वर्मा से संपर्क किया। पांच लाख रुपये में नितेश की हत्या करने की बात तय हुई। इसके बाद दीपू ने महमूदाबाद निवासी अमरेंद्र वर्मा समेत दो अन्य लोगों को वारदात में शामिल किया। आरोपियों को नितेश की आवाजाही की जानकारी जुटानी थी, ताकि उसे रास्ते में घेरकर वारदात को अंजाम दिया जा सके।

ये भी पढ़ें:

barabanki-dhan-vyapari-hatya-5-lakh-ki-supari-4-giraftar (2)

Advertisement

महिला ने फोन कर दी नितेश के लौटने की जानकारी

29 अक्टूबर को नितेश लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र स्थित अपनी बहन के घर करवा देकर बाइक पर सिलिंडर बांधकर वापस लौट रहा था। जिस महिला से नितेश बातचीत करता था, उसने फोन कर अंकित गुप्ता को उसके लौटने की जानकारी दी। इसके बाद आरोपियों ने बाराबंकी के बड्डूपुर थाना क्षेत्र में डफरपुर चौराहे से आगे अस्पताल के पास उसे रोक लिया। आरोपी उसे अपनी कार में बैठाकर ले गए। उसकी बाइक तथा सिलिंडर सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया।

पिसावां में ढाबे के आगे ले जाकर रेता गला

नितेश को कार से सीतापुर के पिसावां थाना क्षेत्र में पन्नू फैमिली रेस्टोरेंट से करीब 200 मीटर आगे एक ट्यूबवेल के पास ले जाया गया। पुलिस के अनुसार, वहां आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की, फिर धारदार हथियार से गला रेत दिया। गंभीर हालत में नितेश को वहीं छोड़कर आरोपी भाग निकले। घायल नितेश किसी तरह पास के पन्नू ढाबे तक पहुंचा। गले पर गहरा घाव होने से वह बोल नहीं पा रहा था। उसने कागज पर लिखकर लोगों से मदद मांगी। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

सीसीटीवी तथा डिजिटल डेटा से खुली साजिश

नितेश की हत्या के मामले में बाराबंकी के बड्डूपुर थाने में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक रवीना त्यागी ने घटना के खुलासे के लिए स्वाट, सर्विलांस तथा बड्डूपुर थाने की संयुक्त टीम गठित की थी। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, डिजिटल डेटा तथा मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई। शनिवार 31 अक्टूबर को भगौली पुलिया के पास से चारों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मनोज मौर्य निवासी सरैया महिपत सिंह सदरपुर, अंकित गुप्ता निवासी सरैया कादीपुर रामपुर कलां, दीपू उर्फ दिलीप कुमार वर्मा फरीदपुर रामपुर मथुरा व अमरेंद्र वर्मा निवासी शेहारुखेड़ा महमूदाबाद, सभी जिला सीतापुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की है। पुलिस के मुताबिक, दीपू ने पूछताछ में बताया कि बरामद कार उसने हत्या की वारदात से मिले पैसों से खरीदी थी। पुलिस के अनुसार, हत्या की साजिश में दीपू ने दो अन्य लोगों को भी शामिल किया था।

ये भी पढ़ें  Barabanki News : सरयू फिर बेकाबू, हेतमापुर में मस्जिद और 14 घर समाए, अब बाबा नारायण दास धाम पर संकट

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link