Barabanki News : देवा मेला के मंच पर विद्यार्थियों ने बिखेरे सुर-ताल के रंग, नृत्य प्रस्तुतियों ने मोहा मन
एकल नृत्य और समूह गायन प्रतियोगिताओं में छात्र-छात्राओं ने दिखाई प्रतिभा, देशभक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंजा मंच
संदीप पटेल
बाराबंकी, 28 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी के प्रसिद्ध देवा मेला के सांस्कृतिक मंच पर बुधवार को विद्यार्थियों की प्रतिभा, सुर, ताल और नृत्य का शानदार संगम देखने को मिला। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने एकल नृत्य और समूह गायन प्रतियोगिताओं में अपनी कला का प्रदर्शन कर दर्शकों का मन मोह लिया। मधुर संगीत, मनोहारी नृत्य मुद्राओं और देशभक्ति से ओतप्रोत गीतों ने पूरे माहौल को उल्लास और सांस्कृतिक रंगों से भर दिया।

एकल नृत्य प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने आकर्षक नृत्य संयोजन, भावपूर्ण अभिव्यक्ति और सधे हुए मंचीय प्रदर्शन से अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। संगीत की लय और ताल के अनुरूप विद्यार्थियों की नृत्य मुद्राओं ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। प्रस्तुतियों में भारतीय संस्कृति की विविधता, कला का सौंदर्य और नई पीढ़ी की रचनात्मकता की झलक दिखाई दी। विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, अभ्यास और कला के प्रति समर्पण को दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ सराहा।
समूह गायन प्रतियोगिता में भी विद्यार्थियों ने अपनी गायन प्रतिभा और सामूहिक समन्वय का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। देशभक्ति से जुड़े गीतों ने उपस्थित लोगों में उत्साह और सांस्कृतिक चेतना का संचार किया। प्रतियोगिताओं के माध्यम से विद्यार्थियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और सांस्कृतिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिला।
इससे पहले कार्यक्रम का शुभारंभ जिला विद्यालय निरीक्षक (डीआईओएस) अमिता सिंह ने किया। कार्यक्रम की नोडल अधिकारी एवं राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, देवा की प्रभारी प्रधानाचार्य अनामिका वर्मा ने आयोजन की जिम्मेदारी संभाली। इस अवसर पर वारसी इंटर कॉलेज, देवा के प्रधानाचार्य अखिलेश चंद्र शुक्ल, डायट प्रवक्ता आरपी यादव, राजकीय इंटर कॉलेज, बाराबंकी के प्रधानाचार्य अरविंद त्रिपाठी, अजीमुद्दीन अशरफ इस्लामिया इंटर कॉलेज, बाराबंकी के प्रधानाचार्य जमशेद अहमद सहित विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक और अन्य लोग उपस्थित रहे।






