कुंभ मेला 2027 : विकास कार्यों की परखीं तैयारियां, मेलाधिकारी बोलीं- श्रद्धालुओं को न हो कोई परेशानी
पंतद्वीप में घाटों के निर्माण, वॉक-वे, वेंडिंग जोन और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का किया निरीक्षण, कहा- भीड़ प्रबंधन व सुरक्षा व्यवस्था रहे मजबूत, अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ की जाए कार्रवाई
योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 28 अक्टूबर 2026ः
उत्तराखंड में कुंभ मेला 2027 के आयोजन को लेकर हरिद्वार में अवस्थापना विकास के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। मेला क्षेत्र में कुंभ मद से कराए जा रहे कार्यों के साथ ही अन्य महत्वपूर्ण परियोजनाओं को भी समय से पूरा कराने के लिए मेला प्रशासन नियमित निरीक्षण और समीक्षा कर रहा है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने बुधवार को पंतद्वीप क्षेत्र में हो रहे कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने घाटों के निर्माण एवं अनुरक्षण, पार्किंग, वॉक-वे, वेंडिंग जोन, शौचालयों, प्रकाश व्यवस्था, ड्रेनेज और सौंदर्यीकरण से जुड़े कार्यों का निरीक्षण किया।
मेलाधिकारी ने कार्यदायी संस्था यूपीडीसीसी के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी महत्वपूर्ण कार्य कुंभ मेला शुरू होने से पहले अनिवार्य रूप से पूरे कर लिए जाएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व समयबद्धता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने मौके पर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता का जायजा लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण सामग्री के मानकों, कार्यों की फिनिशिंग और निर्धारित गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए और कमियां मिलने पर तत्काल सुधार सुनिश्चित किया जाए।
भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व सुगम आवागमन पर विशेष जोर
मेलाधिकारी ने पंतद्वीप क्षेत्र में कुंभ के दौरान संभावित भीड़ के व्यवस्थित संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि वॉक-वे और एक-दूसरे से सटे घाटों पर श्रद्धालुओं के आवागमन में सुगमता बनी रहनी चाहिए। घाटों पर सुविधा व सुरक्षा के समुचित प्रबंध करने के साथ ही गंगा तटों की दूर से स्पष्ट दृश्यता भी सुनिश्चित की जाए, ताकि श्रद्धालुओं को आवागमन और घाटों तक पहुंचने में अनावश्यक असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि कुंभ के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुविचारित व व्यवस्थित होनी चाहिए।
कांगड़ा घाट व मालवीय द्वीप क्षेत्र का भी किया निरीक्षण
मेलाधिकारी ने पंतद्वीप से लगे घाटों के साथ कांगड़ा घाट व मालवीय द्वीप क्षेत्र में घाटों, पुलों व मार्गों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इन क्षेत्रों में भीड़ प्रबंधन के लिए समुचित व्यवस्थाएं विकसित करने, घाटों पर रेलिंग, चेन और अन्य आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। पूर्व में निर्मित घाटों के बेहतर अनुरक्षण पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि पुराने निर्माणों की मरम्मत और रखरखाव भी कुंभ की तैयारियों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। कहा कि अभी गंग नहर बंद है, इसलिए घाटों और पुलों के उन हिस्सों की मरम्मत एवं पेंटिंग तत्काल कराई जाए, जो सामान्य परिस्थितियों में जलमग्न रहते हैं। उन्होंने तटवर्ती भवनों और आश्रमों में भी फसाड योजना के अनुरूप रंग-रोगन कराने को कहा।






