योगेंद्र मलिक
पौड़ी गढ़वाल, 17 जून 2026ः
डीएम स्वाति एस. भदौरिया ने बुधवार को जिला कार्यालय स्थित एनआईसी कक्ष में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के तहत गणना प्रपत्रों के वितरण, संकलन और डिजिटाइजेशन कार्यों की समीक्षा की। डीएम ने सभी निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ) को निर्देश दिए कि गणना प्रपत्रों के वितरण के साथ ही उनके समयबद्ध संकलन एवं डिजिटाइजेशन पर विशेष ध्यान दिया जाए।
उन्होंने प्रत्येक तीन दिन के अंतराल पर बीएलओ के साथ बैठक कर प्रगति की समीक्षा करने और निर्धारित लक्ष्यों की प्राप्ति सुनिश्चित करने को कहा। डीएम ने सहायक निर्वाचन अधिकारी को विधानसभा क्षेत्रवार गणना प्रपत्रों के वितरण, संकलन व डिजिटाइजेशन की अद्यतन सूचना प्रतिदिन सुबह 10 बजे और रात 8 बजे उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, जिससे कार्यों की नियमित निगरानी की जा सके।
स्वाति एस. भदौरिया ने सभी ईआरओ को मॉनिटरिंग के लिए आवश्यक प्रारूप और प्रपत्रों के संग्रहण की स्पष्ट कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। साथ ही बीएलओ के साथ बैठक कर संकलन की प्रक्रिया में तेजी लाते हुए शत-प्रतिशत गणना प्रपत्र प्राप्त करने के लिए कार्रवाई प्रारंभ करने को कहा। बैठक में उप जिला निर्वाचन अधिकारी एफआर चौहान, सहायक निर्वाचन अधिकारी एसएल शाह, सूचना विज्ञान अधिकारी एनआईसी हेमंत काला सहित अन्य निर्वाचन अधिकारी वीडियो क्ऱॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मौजूद रहे।






