राजकिशोर तिवारी
हरिद्वार, 31 जुलाई 2026ः
इस समय उत्तराखंड कांवड़ मेले को लेकर शिव भक्तों के रंग में रंगा नजर आ रहा है। घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। इसी क्रम में हरिद्वार के कांगड़ा घाट पर एसडीआरएफ (SDRF) की सतर्कता से दो युवकों की जान बच गई। शुक्रवार को गंगा स्नान के दौरान तेज बहाव और गहरे पानी में फंसे दोनों युवकों को एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
कांगड़ा घाट पर झांसी निवासी 18 वर्षीय सुधीश ठाकुर गंगा में स्नान करते समय तेज धारा की चपेट में आकर डूबने लगा। घाट पर तैनात एसडीआरएफ जवानों ने बिना देरी किए नदी में उतरकर युवक तक पहुंच बनाई और उसे सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया। वहीं, बागपत निवासी 28 वर्षीय राहुल स्नान के दौरान गहरे पानी में फंस गया और डूबने लगा। मौके पर मौजूद एसडीआरएफ टीम ने तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया और युवक को सकुशल नदी से बाहर निकाल लिया।
रेस्क्यू के बाद दोनों युवकों ने एसडीआरएफ जवानों का आभार जताते हुए उनकी तत्परता और साहस की सराहना की। एसडीआरएफ सेनानायक अर्पण यदुवंशी ने रेस्क्यू टीम की कार्यकुशलता की प्रशंसा करते हुए कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं से गंगा स्नान के दौरान सावधानी बरतने की अपील की। उन्होंने कहा कि श्रद्धालु गहरे पानी और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में घाटों पर तैनात एसडीआरएफ और पुलिस कर्मियों की मदद लें।






