हरदोई, 31 जुलाई 2026:
हरदोई के अरवल थाना क्षेत्र के हैदराबाद लालपुर गांव में शुक्रवार सुबह विवाहिता और 18 साल के युवक के शव अलग-अलग पेड़ों पर फंदे से लटके मिले। दोनों के बीच करीब छह महीने से प्रेम-प्रसंग की बात सामने आई है। युवक का शव गांव में गंगा किनारे पेड़ पर मिला, जबकि विवाहिता का शव गांव के पश्चिम में एक खेत के पास पेड़ से लटका था।
खेतों की तरफ गए ग्रामीणों ने देखा युवक का शव
हैदराबाद लालपुर गांव निवासी जनवेश उर्फ तुली 18 साल का था। शुक्रवार सुबह खेतों की तरफ गए ग्रामीणों ने बालाजी मंदिर से आगे गंगा किनारे जामुन के पेड़ पर उसका शव रस्सी के फंदे से लटका देखा। इसके बाद गांव में इसकी जानकारी हुई। कुछ देर बाद गांव के पश्चिम करीब एक किलोमीटर दूर गूलर के पेड़ पर 28 साल की सरोजिनी का शव भी मिला। उसने साड़ी का फंदा बनाया था। दोनों शव मिलने की सूचना पर अरवल थाना पुलिस मौके पर पहुंची।
12 दिन पहले राजस्थान से लौटा था युवक
जनवेश की मां सविता देवी ने बताया कि बेटा राजस्थान में मजदूरी करता था। वह करीब 12 दिन पहले ही गांव लौटा था। गुरुवार शाम करीब 8 बजे वह शौच जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वापस नहीं आया। जनवेश को बुखार भी था। मां का कहना है कि विवाहिता ने उसे फोन कर बुलाया था। रात में काफी देर तक जब वह घर नहीं लौटा तो परिवार के लोगों ने उसकी तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चल सका।

पिता ने बताया छह महीने से था अफेयर
जनवेश के पिता केशराम ने बताया कि बेटे का गांव की ही विवाहिता सरोजिनी से करीब छह महीने से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। उनके मुताबिक इस वजह से दोनों तनाव में रहते थे। गुरुवार रात सरोजिनी के देवर ने जनवेश के घर पहुंचकर मामले की शिकायत भी की थी। इसके बाद जनवेश घर से निकल गया था। शुक्रवार सुबह उसका शव पेड़ से लटका मिला।
आठ साल पहले हुई थी सरोजिनी की शादी
सरोजिनी की शादी करीब आठ साल पहले खुशीराम से हुई थी। उसका पति कानपुर में मजदूरी करता है, जबकि वह गांव में रहती थी। उसका मायका भी इसी गांव में है। परिजनों के मुताबिक सरोजिनी की दो बड़ी बहनों ने भी अलग-अलग समय पर शादी के बाद आत्महत्या कर ली थी।
दोनों घरों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी
जनवेश और सरोजिनी के घरों के बीच करीब 200 मीटर की दूरी है। जनवेश का शव उसके घर से करीब 500 मीटर दूर मिला, जबकि सरोजिनी का शव घर से करीब एक किलोमीटर की दूरी पर था। सरोजिनी की सास विटोली ने आरोप लगाया कि शुक्रवार को जनवेश का बड़ा भाई उनके घर पहुंचा था। उसने सरोजिनी के साथ गाली-गलौज की, फिर लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। इसके बाद सरोजिनी ने फांसी लगा ली।






