जोशीमठ में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त, आर्मी कैंप के पास हादसा, पायलट समेत 6 यात्री थे सवार
बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर लौट रहा था, ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को उड़ान संचालन से रोका गया, एसडीआरएफ, सेना व आईटीबीपी की टीमें बचाव कार्य में जुटीं

राजकिशोर तिवारी
चमोली, 30 अक्टूबर 2026ः
बदरीनाथ धाम से यात्रियों को लेकर लौट रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर शुक्रवार दोपहर जोशीमठ क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार बताए जा रहे हैं। हादसा जोशीमठ के चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास पहाड़ी क्षेत्र में हुआ। घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, सेना और आईटीबीपी की टीमें राहत एवं बचाव कार्य के लिए रवाना हो गईं।
पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की मिली सूचना
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरकर लौट रहा था। दोपहर करीब दो बजे मारवाड़ी पुल के ऊपर जेपी पावर हाउस की ओर पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। वहीं, जोशीमठ के उप निरीक्षक मनोहर कन्याल के अनुसार एसडीएम जोशीमठ से दोपहर में चाई गांव के ऊपर हेलीकॉप्टर की क्रैश लैंडिंग की सूचना प्राप्त हुई थी। यूकाडा कर्मचारियों के अनुसार चाई गांव के ऊपर आर्मी कैंप के पास ट्रांस भारत एविएशन के हेलीकॉप्टर की लोकेशन दिखाई दे रही है। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की जोशीमठ और पांडुकेश्वर टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई। पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की टीमें भी मौके पर पहुंचने के लिए जुट गईं।
प्रशासन व आपदा प्रबंधन विभाग का बचाव अभियान जारी
उधर, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं। प्रशासन की ओर से घायलों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराने और गंभीर रूप से घायल लोगों को एयरलिफ्ट कर उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। हादसे को लेकर प्रशासन लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हालांकि शुरुआती सूचनाओं में हेलीकॉप्टर के क्रैश और क्रैश लैंडिंग को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाई थी। हेलीकॉप्टर में सवार सभी छह लोगों की स्थिति और हादसे के कारणों की विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।
हेलीकॉप्टर में कैप्टन हिमांशु पायलट के रूप में तैनात थे। उनके साथ पांच यात्री प्रताप, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के और एचएस नटराज सवार थे। वहीं, कंपनी के एहतियाती कदम के तहत ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड के पूरे हेलीकॉप्टर बेड़े को उड़ान संचालन से रोक दिया गया है।






