Uttarakhand

मुख्यमंत्री ने धर्मशाला का किया लोकार्पण… बोले – कुंभ व चारधाम यात्रा में नहीं पड़ेगा भटकना

वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य बनाने के लिए हो रहा काम, कार्यक्रम में महामंडलेश्वर हरी चेतना नंद महाराज, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय रहे मौदूद

योगेंद्र मलिक

हरिद्वार, 24 मई 2026ः

हरिद्वार में शनिवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धर्मशाला का लोकार्पण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षत्रिय कलौता समाज ने सदैव अपने परिश्रम, साहस और संस्कारों के बल पर समाज व राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि खेती, व्यापार, शिक्षा, समाज सेवा और देश की सुरक्षा जैसे विभिन्न क्षेत्रों में इस समाज के लोगों ने उल्लेखनीय कार्य किए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारतीय सेना, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल व अन्य सुरक्षा बलों में सेवाएं देकर समाज के वीर सपूत राष्ट्र की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि श्री आनंद धर्मशाला सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना का सजीव प्रतीक है।

WhatsApp Image 2026-05-24 at 4.32.32 PM

उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए धर्मशाला का निर्माण पुण्य और सराहनीय कार्य है।आनंद धर्मशाला ट्रस्ट ने इस धर्मशाला का निर्माण कराया है। यह आगामी कुंभ व चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालुओं के लिए उपयोगी सिद्ध होगी। सीएम धामी ने कहा कि वर्ष 2027 में आयोजित होने वाले हरिद्वार कुंभ को भव्य, दिव्य और सुरक्षित बनाने के लिए काम हो रहा है।

धामी ने कहा कि उत्तराखंड में केदारखंड एवं मानसखंड क्षेत्रों के प्राचीन मंदिरों के पुनर्विकास व सौंदर्यीकरण के कार्य प्रगति पर हैं। कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता लागू कर सभी नागरिकों के लिए समान अधिकार और न्याय सुनिश्चित करने की दिशा में ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार कानून व्यवस्था को सुदृढ़ करने व सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है। कहा कि निर्धारित स्थलों पर ही धार्मिक आयोजन सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इस अवसर पर महामंडलेश्वर हरी चेतना नंद महाराज, मध्य प्रदेश के मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राज्य आपदा प्रबंधन उपाध्यक्ष विनय रोहिला, पूर्व विधायक विशाल पटेल, आनंद ट्रस्ट धर्मशाला उपाध्यक्ष संतोष पटेल, महाकालिका ट्रस्ट इन्दौर के अध्यक्ष आशाराम सिसोदिया, देवास छात्रावास अध्यक्ष सीताराम पटेल, जिलाध्यक्ष भाजपा आशुतोष शर्मा, जिलाधिकारी हरिद्वार मयूर दीक्षित आदि मौजूद रहे।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button