Uttarakhand

‘प्रोजेक्ट उत्कर्ष’ लिख रहा डिजिटल शिक्षा की नई इबारत…माध्यमिक स्कूलों में 884 स्मार्ट टीवी लगे

सरकार की महत्वाकांक्षी योजना पर आई 3.67 करोड़ रुपये की लागत, जिला खनन निधि से स्वीकृत की गई धनराशि

देहरादून, 7 फरवरी 2026:

देहरादून जिले के सरकारी माध्यमिक विद्यालयों में अब पढ़ाई का तरीका बदल रहा है। जिला प्रशासन की पहल प्रोजेक्ट उत्कर्ष के तहत सरकारी स्कूलों में डिजिटल शिक्षा को मजबूत किया जा रहा है। इसके तहत जिले के 168 राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में 884 स्मार्ट टीवी लगाए जा रहे हैं। इस योजना पर करीब 3.67 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं, जिसकी धनराशि जिला खनन निधि से स्वीकृत की गई है।

इस पहल का मकसद सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्रों को निजी स्कूलों जैसी आधुनिक और तकनीक आधारित शिक्षा देना है। स्मार्ट टीवी के जरिए कक्षाओं में अब ऑडियो वीडियो कंटेंट, ई-लर्निंग मॉड्यूल, दीक्षा पोर्टल, पीएम ई-विद्या, वर्चुअल क्लासरूम और दूसरे डिजिटल संसाधनों का इस्तेमाल हो सकेगा। इससे बच्चों की समझ बेहतर होगी, कक्षा में रुचि बढ़ेगी और पढ़ाई का स्तर भी ऊपर जाएगा।

विद्यालयों की जरूरत के हिसाब से दो साइज के स्मार्ट टीवी खरीदे गए हैं। छोटे और मध्यम कक्षों के लिए 43 इंच जबकि बड़े कक्षों के लिए 55 इंच की एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी। खरीद प्रक्रिया जीईएम पोर्टल के ई-टेंडर के जरिए पूरी तरह पारदर्शी तरीके से की गई, जिसमें 12 कंपनियों ने हिस्सा लिया। तकनीकी और वित्तीय जांच के बाद कार्यादेश जारी कर दिए गए हैं। आपूर्ति और इंस्टॉलेशन का काम जल्द शुरू होकर तय समय में पूरा किया जाएगा।

इससे पहले जिला प्रशासन ने सीएसआर फंड से करीब 5 करोड़ रुपये की लागत से सभी सरकारी स्कूलों में फर्नीचर की व्यवस्था की थी। जिला प्रशासन का मानना है कि यह पहल राष्ट्रीय शिक्षा नीति के अनुरूप है और इससे सरकारी स्कूलों को डिजिटल रूप से मजबूत बनाने में मदद मिलेगी। ग्रामीण और शहरी इलाकों के बीच डिजिटल अंतर को कम करने की दिशा में इसे अहम कदम माना जा रहा है। डीएम सविन बंसल के अनुसार यह योजना बच्चों के भविष्य को बेहतर बनाने की मजबूत बुनियाद है और सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले छात्र भी अब तकनीक के साथ कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button