Lucknow City

कैफे की आड़ में ‘हुक्का बार’ और कथित देह व्यापार का अड्डा! गोमतीनगर का ब्राउन गर्ल कैफे सील

बड़ी मात्रा में हुक्का सामग्री बरामद, संचालक राहुल उर्फ कमरू जमाल के खिलाफ केस दर्ज, दो युवतियों ने थाने पहुंचकर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने व देह व्यापार कराने के लगाए थे आरोप

लखनऊ, 12 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के गोमतीनगर इलाके में स्थित ब्राउन गर्ल कैफे पर पुलिस की छापेमारी ने शहर में चल रहे एक कथित अवैध नेटवर्क की परतें खोल दी हैं। कैफे की आड़ में स्पा सेंटर, अवैध हुक्का बार और देह व्यापार कराए जाने की शिकायत के बाद पुलिस ने विकासखंड-पांच स्थित कैफे पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। मौके से बड़ी मात्रा में हुक्का सामग्री बरामद की गई।

छापेमारी के दौरान कैफे के अपर ग्राउंड फ्लोर पर कई हुक्के, फ्लेवर पैकेट, पाइप और चिलम समेत अन्य सामान सजा मिला। इसके अलावा कोयले का डिब्बा, हीटर, चिमटा और फिल्टर पाइप भी बरामद किए गए। पुलिस के मुताबिक कैफे में बिना अनुमति हुक्का बार संचालित किया जा रहा था। कार्रवाई के वक्त न तो कोई संचालक और न ही कर्मचारी मौजूद था। पुलिस ने सभी सामान जब्त कर जब्त कर लिया। कैफे को सील कर संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

जांच में सामने आया है कि ब्राउन गर्ल कैफे करीब एक साल से संचालित हो रहा था और देर रात तक युवक-युवतियां यहां बैठकर हुक्का पीते थे। इसी कैफे को लेकर कथित सेक्स रैकेट चलाए जाने की शिकायत भी पुलिस को मिली थी। इसके बाद कार्रवाई तेज की गई।

कैफे के संचालक राहुल उर्फ कमरू जमाल पर युवतियों को नौकरी का लालच देकर फंसाने और फिर अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल कर देह व्यापार कराने के गंभीर आरोप लगे हैं। दो युवतियों ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। अमेठी की रहने वाली एक पीड़िता ने बताया कि वह यूपी पुलिस की तैयारी के लिए लखनऊ आई थी और पार्ट टाइम नौकरी की तलाश में थी।

इसी दौरान उसकी मुलाकात राहुल उर्फ कमरू जमाल और कमर हयात से हुई, जिन्होंने कैफे में काम दिलाने का भरोसा दिया। बाद में आरोपी से उसकी नजदीकियां बढ़ीं और वह कथित तौर पर ब्लैकमेलिंग का शिकार हो गई। पुलिस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है और आरोपियों की तलाश जारी है। शहर में कैफे और हुक्का बार की आड़ में चल रहे अवैध धंधों पर अब सख्त नजर रखने की तैयारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button