लखनऊ, 24 फरवरी 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में यातायात को रफ्तार देने वाला ग्रीन कॉरिडोर का दूसरा फेज अब पूरी तरह तैयार है। गोमतीनगर के समतामूलक चौक से लेकर डालीगंज तक इस कॉरिडोर पर एक मार्च से आवागमन शुरू हो जाएगा। इससे करीब दो लाख लोगों को रोजाना राहत मिलेगी। 28 फरवरी को शाम मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इस महत्वाकांक्षी परियोजना का लोकार्पण करेंगे। पहले यह कार्यक्रम 22 फरवरी को प्रस्तावित था लेकिन व्यस्तता के चलते तिथि बदली गई।
ग्रीन कॉरिडोर का यह चरण समतामूलक चौक से शुरू होकर निशातगंज, हनुमान सेतु होते हुए डालीगंज तक फैला है। परियोजना के तहत मार्ग पर बेहतर ड्रेनेज, हरियाली, स्लीक रोड डिजाइन और सुरक्षित ट्रैफिक मूवमेंट पर खास ध्यान दिया गया है। लोकार्पण से पहले निशातगंज, हनुमान सेतु और डालीगंज चौराहे का सौंदर्यीकरण तेजी से चल रहा है। यहां कलात्मक वास्तुशिल्प और लाइटिंग लगाई जा रही है ताकि मार्ग सिर्फ तेज ही नहीं, खूबसूरत भी दिखे।

कॉरिडोर शुरू होते ही ट्रैफिक व्यवस्था में अहम बदलाव किए जाएंगे। हनुमान सेतु मंदिर के सामने वाली सड़क पर सामान्य वाहनों का आवागमन बंद होगा। आईटी चौराहे से आने वाले वाहन मंदिर से पहले ही मुड़कर बंधा रोड से होते हुए पीछे वाले गेट के पास से गुजरेंगे और फिर सेतु पुल के पास निकलकर सीधे परिवर्तन चौक पहुंच सकेंगे। वहीं परिवर्तन चौक से आईटी की ओर जाने वाली सड़क पर ट्रैफिक पहले की तरह चलता रहेगा। इससे मंदिर क्षेत्र में भीड़ घटेगी और कॉरिडोर पर ट्रैफिक फ्लो स्मूद रहेगा।
मालूम हो कि आईआईएम से पक्का पुल तक ग्रीन कॉरिडोर का पहला फेज डेढ़ साल से चालू है। हालांकि उसका औपचारिक लोकार्पण नहीं हुआ था। 28 फरवरी को दूसरे फेज के साथ पहले फेज का भी लोकार्पण प्रस्तावित है। इसके बाद बसंतकुंज, दुबग्गा, पक्कापुल, डालीगंज, मेडिकल कॉलेज, लखनऊ विश्वविद्यालय, कैसरबाग, हजरतगंज, निशातगंज, अशोक मार्ग, 1090 चौराहा, शहीद पथ, इकाना स्टेडियम और किसान पथ तक पहुंचना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।






