लखनऊ, 28 फरवरी 2026:
होली से पहले प्रदेश के 1.86 करोड़ उज्ज्वला परिवारों के लिए राहत भरी खबर आई है। राजधानी लखनऊ के लोकभवन में शनिवार को आयोजित कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के सीएम योगी ने उज्ज्वला योजना के लाभार्थियों को गैस सिलिंडर रीफिल सब्सिडी का लाभ दिया। इस मौके पर 1,500 करोड़ रुपये की धनराशि वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि होली समता और भाईचारे का पर्व है। इसमें न कोई बड़ा होता है न छोटा। सरकार की मंशा है कि त्योहार के मौके पर कोई भी परिवार रसोई गैस की चिंता में न रहे।
सीएम योगी ने बताया कि यह योजना 2022 से प्रदेश में लागू है। इसी कड़ी में होली के अवसर पर यह राशि उपलब्ध कराई गई है। लाभार्थी होली से पहले या बाद में अपनी नजदीकी एजेंसी से मुफ्त में भरा हुआ सिलिंडर प्राप्त कर सकते हैं। उन्होंने केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उन परिवारों तक भी रसोई गैस पहुंची है जिन्हें पहले कभी सिलिंडर नसीब नहीं हुआ था।

मुख्यमंत्री ने महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए ‘लखपति दीदी’, सीमार्ट और स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को रोजगार से जोड़ने की बात कही। उन्होंने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए बाजार मिले और वे आत्मनिर्भर बनें। साथ ही राशन दुकानों पर ई-पॉश मशीनों से पारदर्शिता बढ़ने और गांवों में ‘वीसी सखी’ के रूप में बेटियों को रोजगार मिलने की भी चर्चा की।
कार्यक्रम में डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पहले शौचालय और गैस कनेक्शन अमीरी-गरीबी की पहचान माने जाते थे लेकिन अब हर घर में बुनियादी सुविधाएं पहुंच रही हैं। उन्होंने आयुष्मान कार्ड से मुफ्त इलाज और मुख्यमंत्री आवास योजना के जरिए गरीबों को मिल रहे लाभों का भी उल्लेख किया।
वहीं, डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने महिला स्वास्थ्य पर सरकार की पहल का जिक्र करते हुए बताया कि सर्वाइकल कैंसर के इलाज के लिए महंगे इंजेक्शन अब रियायती दर पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। सरकार का दावा है कि कानून-व्यवस्था बेहतर होने से अब पर्व शांतिपूर्ण माहौल में मनाए जा रहे हैं। होली के मौके पर उज्ज्वला लाभार्थियों को मिली यह सौगात लाखों परिवारों की रसोई में खुशियों की गर्माहट घोलने का काम करेगी।






