Lucknow City

ईरान का असर : निगोहां के प्रवासी कामगार कमरों में दुबके…परिवार मांग रहे सलामती की दुआ

दुबई में फंसे तमाम प्रवासी युवा, लखनऊ में रह रहे परिवारों की बढ़ी चिंता, फ्लाइट बंद होने से अपनों की वापसी मुश्किल, फोन पर लगातार हालचाल ले रहे परिजन

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 1 मार्च 2026:

ईरान में बने युद्ध के हालातों व हमलों से दुबई में काम कर रहे निगोहां क्षेत्र के कई युवक खौफजदा हैं। वहां अलग-अलग कंपनियों और फैक्ट्रियों में काम कर रहे कामगारों ने अपने घर फोन कर बताया कि एहतियातन कई जगह कामकाज रोक दिया गया है और वे लोग फिलहाल कमरों में ही रह रहे हैं।

WhatsApp Image 2026-03-01 at 4.04.26 PM

निगोहां के मारूफ, फरीद, सद्दाम, सादाब, सलीम, कदीर, वहीद, सोफियान समेत नईम खान दुबई की विभिन्न फैक्ट्रियों में काम करते हैं। नईम खान की मां जुलेखा, पत्नी जमील खान ने फोन पर बातचीत कर हालचाल लिया। नईम ने बताया कि शुक्रवार से फैक्ट्रियों में काम बंद कर दिया गया है और बाहर आवाजाही भी काफी सीमित कर दी गई है। सुरक्षा को देखते हुए सभी लोग अपने साथियों के साथ कमरों में ही ठहरे हुए हैं। कामगारों के अनुसार मौजूदा हालात को लेकर वहां असमंजस और डर का माहौल है। लोग बिना जरूरत बाहर निकलने से बच रहे हैं और स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

WhatsApp Image 2026-03-01 at 4.04.27 PM

इधर निगोहां में रह रहे परिवारों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। आयशा बेगम ने बताया कि उनके बेटे अरशद और अयाज दुबई में हैं। हालात को लेकर वह बेहद परेशान हैं और बच्चों से लगातार संपर्क बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि फ्लाइटें बंद होने की वजह से फिलहाल वापस आना संभव नहीं हो पा रहा है और दोनों बेटे एक कमरे में ही रह रहे हैं।

परिजनों का कहना है कि यदि हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो वे अपने बच्चों को भारत लौट आने की सलाह देंगे। वहीं स्थानीय लोगों ने शासन और प्रशासन से अपील की है कि विदेशों में फंसे क्षेत्र के कामगारों की सुरक्षा पर नजर रखी जाए और जरूरत पड़ने पर उनकी सकुशल वापसी की व्यवस्था की जाए। निगोहां में रहने वाले प्रभावित परिवार अपनों की सलामती व हालात सामान्य होने की दुआ कर रहे हैं।

WhatsApp Image 2026-03-01 at 4.04.27 PM (1)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button