Lucknow City

होली पर स्वच्छता की ओर एक कदम…पर्व से पहले गांवों में चलेगा बड़ा सफाई अभियान

दो से चार मार्च तक रहेगी सफाई की विशेष व्यवस्था, फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और घाटों की सफाई पर जोर, डीएम व सीडीओ करेंगे निगरानी

लखनऊ, 1 मार्च 2026:

होली पर्व को देखते हुए प्रदेश सरकार ने ग्रामीण इलाकों में साफ-सफाई और मच्छर से फैलने वाली बीमारियों से बचाव को लेकर खास तैयारी शुरू कर दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अफसरों को निर्देश दिए हैं कि त्योहार के दौरान गांवों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत रखी जाए। इसी के तहत 2 से 4 मार्च तक प्रदेश की सभी ग्राम पंचायतों में व्यापक सफाई और सैनिटाइजेशन अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान की निगरानी जिला अधिकारियों को सौंपी गई है। सभी जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे, ताकि कहीं लापरवाही न हो।

सफाई के साथ फॉगिंग और छिड़काव पर फोकस

अभियान के दौरान गांवों में कार्यक्रम स्थलों, घाटों, तालाबों, अमृत सरोवरों और स्नान स्थलों की विशेष सफाई कराई जाएगी। इसके साथ फॉगिंग, एंटी लार्वा छिड़काव और कचरा निस्तारण का काम भी किया जाएगा। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि होली से पहले और बाद दोनों समय सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी जाए।

ये भी पढ़ें:

जलभराव वाले स्थानों पर होगा खास काम

पंचायतीराज विभाग के निदेशक अमित कुमार सिंह के मुताबिक कार्यक्रम खत्म होने के बाद सभी अपशिष्ट पदार्थों का सही तरीके से निपटान किया जाएगा। ग्राम पंचायतों के रूरल रिसोर्स सेंटर पर कचरा एकत्र करने के निर्देश दिए गए हैं। जलभराव वाले स्थानों की पहचान कर जल निकासी की व्यवस्था बेहतर बनाने पर भी जोर दिया गया है, ताकि डेंगू और मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा कम हो सके।

ग्राम पंचायतों को सौंपी गई जिम्मेदारी

जिला पंचायतीराज अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। वहीं नदी, तालाब और सरोवर घाटों की मरम्मत, रंगाई-पुताई और सुरक्षा इंतजाम की जिम्मेदारी स्थानीय ग्राम पंचायतों को दी गई है। पूरे अभियान की लगातार मॉनिटरिंग की जाएगी, ताकि त्योहार के दौरान गांवों में साफ-सुथरा और सुरक्षित माहौल बना रहे।

ये भी पढ़ें  लखनऊ के इन पुराने पेड़ों की तैयार होगी हेरिटेज कुंडली... 400 साल का बरगद भी आएगा रिकॉर्ड में!

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button