लखनऊ, 29 मार्च 2026:
यूपी के नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर) के प्रथम चरण के उद्घाटन के बाद सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। बसपा सुप्रीमो मायावती ने इस परियोजना को लेकर बड़ा दावा करते हुए कहा कि इसकी रूपरेखा से लेकर बुनियादी काम उनकी सरकार में ही शुरू हुए थे। सोशल मीडिया प्लेटफार्म पर एक पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय केंद्र में रही कांग्रेस सरकार ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना में रोड़े अटकाए जिससे इसका काम समय पर पूरा नहीं हो सका।
मायावती ने कहा कि यदि कांग्रेस सरकार बाधा नहीं डालती तो यमुना एक्सप्रेसवे की तरह यह परियोजना भी उनकी सरकार में ही पूरी हो जाती। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि सपा सरकार ने प्रदेश के विकास के बजाय बसपा द्वारा कमजोर वर्गों के हित में किए गए ऐतिहासिक फैसलों को निष्क्रिय करने में अधिक समय बिताया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासनकाल में बहुजन समाज के महापुरुषों के नाम पर बने संस्थानों, स्मारकों और पार्कों की उपेक्षा की गई और उनके नाम बदलने जैसी कार्रवाई की गई, जो जातिवादी और राजनीतिक द्वेष से प्रेरित थी।
बसपा प्रमुख ने प्रदेश की जनता से अपील की कि वे विरोधी दलों की छलावापूर्ण राजनीति से सावधान रहें और सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय की नीति पर भरोसा करते हुए बसपा के नेतृत्व को समर्थन दें। उन्होंने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हाईकोर्ट की अलग बेंच और अलग राज्य की मांग को भी उठाते हुए कहा कि यह सपना अब तक अधूरा है।






