Uttarakhand

ओवरटेक के झगड़े में रोड पर चली गोलियां… मॉर्निंग वॉक पर निकले रिटायर्ड ब्रिगेडियर की गई जान

मसूरी रोड पर फार्च्यूनर व स्कार्पियो सवार लोगों में हुआ विवाद अचानक फायरिंग तक पहुंच गया, बेखबर टहल रहे रिटायर्ड ब्रिगेडियर को गोली लगी, अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ा

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 30 मार्च 2026:

राजपुर थाना इलाके में सोमवार सुबह एक मामूली सा विवाद जानलेवा बन गया। जोहड़ी गांव के पास मसूरी रोड पर दो कार सवार युवकों के बीच ओवरटेक को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते फायरिंग में बदल गई। इस दौरान सड़क किनारे मॉर्निंग वॉक कर रहे रिटायर्ड आर्मी ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई। उन्हें डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना सुबह करीब 6:50 से 7 बजे के बीच की बताई जा रही है। मसूरी रोड पर जोहड़ी गांव के पास एक फॉर्च्यूनर और स्कॉर्पियो पर सवार लोगों के बीच गाड़ी पास देने को लेकर विवाद शुरू हुआ। बात बढ़ी तो स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर को रोकने के लिए उसके टायर पर फायरिंग कर दी। इसी दौरान पास से गुजर रहे ब्रिगेडियर मुकेश जोशी को गोली लग गई।

WhatsApp Image 2026-03-30 at 12.58.07 PM

गोली लगते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। फायरिंग के बाद फॉर्च्यूनर अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। आरोप है कि स्कॉर्पियो सवारों ने फॉर्च्यूनर में बैठे लोगों के साथ मारपीट भी की और गाड़ी को नुकसान पहुंचाया।

घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस को कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली, जिसके बाद मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की गई। पूरे इलाके को सील कर नाकेबंदी कर दी गई है। कई थाना क्षेत्रों में चेकिंग अभियान चलाया गया। वहीं सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही गिरफ्तारी की जाएगी।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button