लखनऊ, 30 मार्च 2026:
आईपीएल 2026 का रोमांच यूपी की राजधानी लखनऊ के इकाना स्टेडियम में 1 अप्रैल से शुरू होने जा रहा है। यहां पहला मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा। इस बहुप्रतीक्षित मैच को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। दूसरी तरफ स्टेडियम में एंट्री के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इनका पालन करना अनिवार्य होगा।
मैच शुरू होने से तीन घंटे पहले खुल जाएंगे स्टेडियम के गेट
बीसीसीआई के निर्देशों के मुताबिक हर दर्शक को प्रवेश के समय अपना वैध टिकट दिखाना होगा। स्टेडियम के गेट मैच शुरू होने से करीब तीन घंटे पहले खोल दिए जाएंगे। इसलिए दर्शकों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। खास बात यह है कि टिकट केवल एक बार प्रवेश के लिए मान्य होगा और ‘री-एंट्री’ की सुविधा नहीं मिलेगी। अगर टिकट का बारकोड स्कैन नहीं हो पाता या उसमें छेड़छाड़ पाई जाती है तो ऐसे टिकटधारकों को प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
बोतल, हेडफोन, हेलमेट सहित ये सामान नहीं ले जा सकते
दर्शकों को मैच के दौरान अपना टिकट हर समय अपने पास रखना होगा और सुरक्षा कर्मियों या आयोजकों द्वारा मांगने पर तुरंत दिखाना होगा। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए स्टेडियम में कई वस्तुओं पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। इनमें बोतल, सिक्के, हेडफोन, ईयरबड, कप, ग्लास, लाइटर, टिन या कैन, म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट, पोर्टेबल स्पीकर, ज्वलनशील पदार्थ, आतिशबाजी सामग्री, हथियार, हेलमेट, बैग, लैपटॉप, टैबलेट और पावर बैंक शामिल हैं।

बैनर, पोस्टर या झंडे प्रतिबंधित, ले जा सकते हैं राष्ट्रीय ध्वज
इसके अलावा किसी भी प्रकार के व्यावसायिक, राजनीतिक, धार्मिक या आपत्तिजनक संदेश वाले बैनर, पोस्टर या झंडे लाने की अनुमति नहीं होगी। केवल बिना किसी प्रचार संदेश के भारत का राष्ट्रीय ध्वज ही ले जाया जा सकेगा। स्टेडियम में बाहर से खाद्य पदार्थ और शराब लाने पर पूरी तरह रोक रहेगी और परिसर में धूम्रपान भी प्रतिबंधित रहेगा।
मैच की रिकॉर्डिंग, लाइव प्रसारण नहीं कर सकते
बीसीसीआई ने स्पष्ट किया है कि मैच के दौरान किसी भी तरह की रिकॉर्डिंग, लाइव प्रसारण या डेटा ट्रांसमिशन करना नियमों के खिलाफ होगा। बिना अनुमति मैच से जुड़ी किसी भी वीडियो, ऑडियो या सांख्यिकीय जानकारी को साझा करना उल्लंघन माना जाएगा। साथ ही, किसी भी प्रकार की अभद्र, नस्लीय या धमकीपूर्ण भाषा और व्यवहार पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और दोषी को स्टेडियम से बाहर किया जा सकता है।
ऐसी स्थिति में वापस होगा टिकट का पैसा
मैदान में घुसना या किसी भी वस्तु को फेंकना पूरी तरह वर्जित है। दर्शकों को यह भी ध्यान रखना होगा कि मैच के समय, तारीख या स्थान में बदलाव संभव है। यदि मैच रद्द हो जाता है या एक भी गेंद नहीं डाली जाती, तभी टिकट राशि (प्रशासनिक शुल्क काटकर) वापस की जाएगी। आयोजकों ने अपील की है कि दर्शक सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और खेल भावना के साथ इस बड़े मुकाबले का आनंद लें, ताकि लखनऊ में आईपीएल का आगाज यादगार बन सके।






