Lucknow City

स्कूल में घुसे कार सवार ने की फायरिंग… प्रिंसिपल बाल-बाल बचे, छात्रों व स्टॉफ में फैली अफरातफरी

रहीमाबाद में हुई वारदात, प्रिंसिपल के पेट को छूती निकल गई गोली, विवाद की वजह बताई गई पुरानी रंजिश, पुलिस की पांच टीमें आरोपी की तलाश में लगीं

प्रमोद कुमार

मलिहाबाद (लखनऊ), 3 अप्रैल 2026:

राजधानी स्थित रहीमाबाद थाना इलाके के जुगराजगंज स्थित एक स्कूल में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब अंदर घुसे कार सवार युवक ने स्कूल के प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह पर गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली पेट को छूते हुए निकल गई और बड़ा हादसा बच गया। इस दौरान स्कूल परिसर में अफरातफरी फैल गई।

बताया गया कि प्रभावती देवी स्कूल के प्रिंसिपल अनिल कुमार सिंह अपने ऑफिस में बैठे थे। तभी गांव का ही रहने वाला विजयपाल कार से स्कूल पहुंचा और सीधे अंदर घुस गया। कुछ समझ पाते उससे पहले उसने फायरिंग कर दी। गोली पास रखी अलमारी से टकराई और प्रिंसिपल को छूते हुए निकल गई। अचानक हुई इस घटना से स्कूल में हड़कंप मच गया, बच्चे और स्टाफ दहशत में आ गए। फायरिंग के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

WhatsApp Image 2026-04-03 at 11.13.18 AM

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल प्रिंसिपल को तुरंत मलिहाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी हालत फिलहाल स्थिर है। एसीपी मलिहाबाद सुजीत कुमार दुबे ने बताया कि इंस्पेक्टर रहीमाबाद अरुण कुमार त्रिगुनायक टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल से एक कारतूस मिला है।

फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं। प्रिंसिपल की तहरीर पर आरोपी विजयपाल के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें लगाई हैं और लगातार दबिश दी जा रही है। शुरुआती जांच में पुरानी रंजिश, पैसों के विवाद को लेकर भी पड़ताल की जा रही है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button