स्पोर्ट्स डेस्क, 4 अप्रैल 2026:
आईपीएल 2026 में पंजाब किंग्स ने दमदार खेल दिखाते हुए चेन्नई सुपर किंग्स को पांच विकेट से हरा दिया। 210 रन का बड़ा लक्ष्य पंजाब ने 18.4 ओवर में हासिल कर लिया। यह टीम का आईपीएल इतिहास में दूसरा सबसे बड़ा सफल रन चेज भी रहा। आज अहमदाबाद स्थित नरेंद्र मोदी स्टेडियम में राजस्थान रॉयल्स और गुजरात टाइटंस के बीच मुकाबला होगा।
चेपॉक में खेले गए इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई ने 20 ओवर में पांच विकेट पर 209 रन बनाए थे, लेकिन गेंदबाजी में टीम इस स्कोर को बचा नहीं सकी। पंजाब की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। प्रियांश आर्या और प्रभसिमरन सिंह ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 4.2 ओवर में 61 रन जोड़ दिए। प्रियांश ने महज 11 गेंदों में 39 रन ठोक दिए, जिसमें चौके-छक्कों की बरसात देखने को मिली। प्रभसिमरन ने 43 रन बनाए।
मध्यक्रम में कप्तान श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला और तेज अर्धशतक लगाया। उन्होंने 29 गेंदों में 50 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद शशांक सिंह और मार्कस स्टोइनिस ने बिना दबाव लिए मैच खत्म किया। चेन्नई की गेंदबाजी में मैट हेनरी और अंशुल कंबोज को दो-दो विकेट मिले, लेकिन रन गति पर लगाम नहीं लग सकी।
इससे पहले बल्लेबाजी करते हुए चेन्नई को अच्छी शुरुआत नहीं मिली और संजू सैमसन जल्दी आउट हो गए। इसके बाद ऋतुराज गायकवाड़ और आयुष म्हात्रे ने पारी संभाली। दोनों के बीच 96 रन की साझेदारी हुई। आयुष म्हात्रे ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 43 गेंदों में 73 रन बनाए। सरफराज खान ने 12 गेंदों में 32 रन की तेज पारी खेली। आखिरी ओवरों में शिवम दुबे ने 27 गेंदों में नाबाद 45 रन बनाकर स्कोर 200 के पार पहुंचाया। पंजाब की ओर से विजयकुमार वैशाक ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए। इस जीत के साथ पंजाब ने सीजन में लगातार दूसरी जीत दर्ज की, जबकि चेन्नई को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा।






