Uttarakhand

उत्तराखंड को केंद्र से राहत… भूस्खलन सुधार को 461 करोड़ मंजूर, मंत्री खट्टर से मिले धामी

केंद्रीय मंत्री से हुई मुलाकात में हरिद्वार-ऋषिकेश प्रोजेक्ट्स पर चर्चा, संवेदनशील हाईवे पर कई हिस्सों में सुधार से आसान होगा सफर

योगेंद्र मलिक

देहरादून, 5 अप्रैल 2026:

उत्तराखंड को भूस्खलन से जूझ रहे इलाकों के सुधार के लिए बड़ी मदद मिली है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बताया कि केंद्र सरकार ने राज्य में संवेदनशील सड़कों की मरम्मत के लिए 461 करोड़ की मंजूरी दी है। इस फैसले पर उन्होंने केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया।

इस बजट के तहत उत्तरकाशी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-134 के 17 भूस्खलन प्रभावित स्थानों के लिए 233 करोड़ दिए गए हैं। वहीं पिथौरागढ़ जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-09 के तवाघाट-घटियाबागड़ हिस्से में तीन संवेदनशील स्थलों के लिए 228 करोड़ स्वीकृत हुए हैं।

सरकार का कहना है कि इन कामों के पूरा होने से पहाड़ी इलाकों में सफर ज्यादा सुरक्षित होगा और बार-बार रास्ते बंद होने की समस्या कम होगी। खासतौर पर चारधाम यात्रा के लिए यह राहत भरी खबर मानी जा रही है, क्योंकि एनएच-134 यमुनोत्री धाम तक जाने का अहम रास्ता है और अक्सर भूस्खलन से प्रभावित रहता है।

इसी बीच मुख्यमंत्री धामी ने नई दिल्ली में केंद्रीय ऊर्जा और शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात कर राज्य से जुड़े कई बड़े प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की। उन्होंने हरिद्वार में गंगा कॉरिडोर के लिए करीब 325 करोड़ की मंजूरी मांगी। इसके तहत बिजली लाइनों को भूमिगत करने और सिस्टम को आधुनिक बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।

कुंभ-2027 को देखते हुए हरिद्वार और ऋषिकेश में घाटों के सौंदर्यीकरण, रहने की सुविधाओं और शहर की बुनियादी व्यवस्था को बेहतर करने के लिए भी केंद्र से सहयोग मांगा गया है। इसके अलावा क्षेत्रीय यातायात सुधारने के लिए मेरठ से हरिद्वार और ऋषिकेश तक आरआरटीएस विस्तार और देहरादून-हरिद्वार-ऋषिकेश मेट्रो कॉरिडोर की मांग भी रखी गई। सरकार का मानना है कि इससे सड़क पर दबाव कम होगा और यात्रियों को बेहतर विकल्प मिलेंगे। केंद्रीय मंत्री ने इन प्रस्तावों पर सकारात्मक रुख दिखाते हुए आगे की कार्रवाई का भरोसा दिया है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button