Lucknow City

आत्मदाह करने महिला पहुंची लोकभवन के सामने, पेट्रोल डालते ही पुलिस ने पकड़ा… जानिए क्या है मामला

लखनऊ के हाई सिक्योरिटी जोन में आत्मदाह की कोशिश, पुलिस ने समय रहते बचाया, जमीन विवाद से परेशान महिला ने उठाया खौफनाक कदम

लखनऊ, 7 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ के हाई सिक्योरिटी जोन में मंगलवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक महिला आत्मदाह करने के इरादे से लोकभवन के गेट तक पहुंच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला ने अचानक अपने ऊपर पेट्रोल डाल लिया और आग लगाने ही वाली थी कि मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उसे पकड़ लिया। इस दौरान वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

पुलिस महिला को तुरंत हिरासत में लेकर थाने ले गई, जहां पूछताछ में उसकी पहचान संध्या सिंह के रूप में हुई। वह मानकनगर के न्यू श्रीनगर क्षेत्र की निवासी बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार संध्या लंबे समय से अपने मकान से जुड़े जमीन विवाद को लेकर परेशान है।

WhatsApp Image 2026-04-07 at 3.30.19 PM

महिला ने पुलिस को बताया कि उसकी दो बिस्वा जमीन की पैमाइश तो कराई गई थी लेकिन घनी आबादी के कारण जमीन को स्पष्ट रूप से चिन्हित नहीं किया जा सका। आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले इकबाल सिंह ने उसके हिस्से की जमीन पर कब्जा कर लिया है। जब उसने विरोध किया तो उसे जान से मारने की धमकी दी गई। इससे वह और उसका परिवार भय के साए में जी रहा है।

संध्या का कहना है कि उसने कई बार प्रशासनिक अधिकारियों को प्रार्थना पत्र दिया और मुख्यमंत्री जनसुनवाई में भी शिकायत दर्ज कराई लेकिन अब तक दोबारा पैमाइश नहीं कराई गई। न्याय न मिलने से आहत होकर उसने यह कठोर कदम उठाने की कोशिश की।

गौरतलब है कि महिला इससे पहले भी फरवरी माह में आत्महत्या का प्रयास कर चुकी है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और संबंधित विभागों को भी सूचना दे दी गई है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button