600 रुपये व मोबाइल के झगड़े में की थी दोस्त की हत्या…पुलिस ने आरोपी को दबोचा
शराब के नशे में बढ़ा था विवाद, सड़क किनारे मिला था युवक का शव, पोस्टमार्टम में मिलीं थीं कई चोटें, पुलिस ने अहिनवार के पास आरोपी को दौड़ाकर पकड़ा
एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 9 अप्रैल 2026:
मोहनलालगंज इलाके में मामूली पैसों के विवाद ने जानलेवा रूप लिया था। निगोहां के नन्दौली गांव के 22 वर्षीय मजदूर रैकिश रावत की उसके ही साथी ने पीट-पीटकर हत्या की थी। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी धनराज उर्फ टाटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बता दें कि मंगलवार को बेनीगंज मार्ग पर सड़क किनारे एक युवक का शव मिला था, बाद में मृतक की पहचान रैकिश के रूप में हुई। रिपोर्ट में उसके शरीर पर कई गंभीर चोटों की पुष्टि हुई। मृतक के भाई लवकुश की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी धनराज उर्फ टाटू के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया।
जांच में सामने आया कि वारदात की रात दोनों मजदूरी कर लौट रहे थे। रास्ते में उतरठिया में शराब पी, फिर ऑटो से निगोहां पहुंचे। साथ में मौजूद एक अन्य व्यक्ति अपने घर चला गया, जबकि रैकिश और धनराज फिर से शराब पीने लगे। इसी दौरान रैकिश ने पहले अपनी शराब खत्म कर दी और फिर आरोपी का पैग भी पीने लगा। इस बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
आरोप है कि धनराज ने रैकिश के पास मौजूद 600 रुपये और उसका मोबाइल अपने पास रख लिया। जब रैकिश ने पैसे और फोन वापस मांगा तो विवाद बढ़ गया। गुस्से में आकर आरोपी ने उसकी जमकर पिटाई कर दी, जिससे उसे अंदरूनी चोटें आईं और उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने गुरुवार को निगोहां से अहिनवार जाने वाले रास्ते के पास एक बाग से उसे पकड़ लिया। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया गया।






