लखनऊ, 18 मई 2026:
यूपी में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और लू के खतरे को देखते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने पूरे प्रशासनिक अमले को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा ऑरेंज अलर्ट जारी किए जाने के बाद सीएम ने सभी डीएम, स्वास्थ्य विभाग, बिजली विभाग और राहत एजेंसियों को पूरी सतर्कता बरतने को कहा है।
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि जिन जिलों में तापमान तेजी से बढ़ रहा है वहां विशेष निगरानी रखी जाए और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पहले से तैयारी सुनिश्चित की जाए। सरकारी अस्पतालों में हीट स्ट्रोक और लू से प्रभावित मरीजों के इलाज के लिए पर्याप्त बेड, दवाइयां, डॉक्टर और मेडिकल स्टाफ उपलब्ध रखने को कहा गया है। इसके साथ ही एंबुलेंस सेवाओं को 24 घंटे सक्रिय रखने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

सीएम योगी ने बिजली आपूर्ति बाधित न होने और सार्वजनिक स्थानों पर पेयजल की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया है। नगर निकायों और स्थानीय प्रशासन को निर्देश दिए गए हैं कि बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और बाजारों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में लोगों को राहत पहुंचाने के इंतजाम किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने लोगों से कहा है कि अत्यधिक गर्मी के दौरान अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने लोगों को अधिक पानी पीने, हल्के सूती कपड़े पहनने और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के अनुसार 19, 20 और 21 मई को प्रदेश के कई जिलों में अति उष्ण लहर चल सकती है। तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना जताई गई है। इसे देखते हुए योगी सरकार ने राहत और बचाव की तैयारियां समय रहते पूरी करने के निर्देश दे दिए हैं।






