Uttar Pradesh

खीरी में सड़क हादसा: मैजिक के परखच्चे उड़े, सभी 10 यात्रियों की मौत, हॉस्पिटल में लगा लाशों का ढेर

NH-730 पर सिसैया के पास तेज रफ्तार ट्रक से हुई भिड़ंत, मरने वालों में दो महिलाएं भी शामिल, ज्यादातर यात्री बहराइच जिले के मुख्यमंत्री ने जताया दुख, राहत व बचाव कार्य तेज करने के निर्देश दिए

लखीमपुर खीरी, 18 मई 2026:

यूपी के लखीमपुर खीरी जिले में सोमवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई। ईसानगर थाना क्षेत्र में नेशनल हाइवे पर सिसैया के पास सवारियों से भरी टाटा मैजिक और तेज रफ्तार ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अन्य घायल रास्ते मे या इलाज के दौरान दम तोड़ बैठे।

बताया गया कि टाटा मैजिक में करीब 10 यात्री सवार थे। वाहन लखीमपुर से ईसानगर की ओर जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रहे ट्रक से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मैजिक घिसटते हुए 10 फीट दूर जाकर रुकी। इसमें बैठे लोगों के सिर फट गए। एक शख्स का पूरा चेहरा फट गया। लोग सीट के बीच में ही फंस गए। दो लोग उछलकर बाहर रोड पर गिरे।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। ईसानगर थाना पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से राहत कार्य शुरू किया और क्षतिग्रस्त वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा गया।

पांच लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था। वहीं पांच अन्य गंभीर रूप से घायल यात्रियों की अस्पताल ले जाते समय या हॉस्पिटल पहुंचने के बाद मौत हो गई। मृतकों में दो महिलाएं भी शामिल हैं। दो घायलों को हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया है।

मैजिक में सवार अधिकतर यात्री बहराइच जिले के रहने वाले थे। पुलिस मृतकों की पहचान कर परिवार को सूचना देने में जुटी है। हादसे के बाद क्रेन की मदद से दोनों वाहनों को हाईवे से हटाया गया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया।

मुख्यमंत्री ने दुर्घटना पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button