स्पोर्ट्स डेस्क, 11 अप्रैल 2026:
गुवाहाटी में खेले गए मुकाबले में राजस्थान ने दमदार बल्लेबाजी के दम पर आरसीबी को छह विकेट से हरा दिया। 200 से ज्यादा के लक्ष्य को टीम ने आसान बना दिया और मुकाबला दो ओवर पहले ही खत्म कर दिया। आज शनिवार को आईपीएल में दो मुकाबले होंगे। पहला मैच दिन का होगा, जिसमें पंजाब किंग्स और सनराइसर्ज हैदराबाद के बीच टक्कर होगी। ये मैच मुल्लांपुर में खेला जाएगा। इसके बाद दूसरे मैच में चेन्नई सुपर किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स की टीमें आमने-सामने होंगी। ये मैच एमए चिदंबरम स्टेडियम में होगा
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी आरसीबी ने 20 ओवर में आठ विकेट पर 201 रन बनाए। कप्तान रजत पाटीदार ने 63 रन की अहम पारी खेली, जिससे टीम बड़े स्कोर तक पहुंच सकी। जवाब में राजस्थान की शुरुआत संतुलित रही, लेकिन असली खेल बीच के ओवरों में दिखा। ध्रुव जुरेल ने नाबाद 81 रन बनाए, जबकि वैभव सूर्यवंशी ने 78 रन की तेज पारी खेली। दोनों के बीच साझेदारी ने मैच पूरी तरह राजस्थान की तरफ मोड़ दिया। टीम ने 18 ओवर में चार विकेट खोकर 202 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ राजस्थान की लगातार चौथी जीत दर्ज हुई। टीम अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है और नेट रन रेट भी मजबूत हो गया है। वहीं, आरसीबी को इस सीजन में पहली हार झेलनी पड़ी है और टीम तीसरे स्थान पर आ गई है।
रिकॉर्ड की बात करें तो राजस्थान ने आईपीएल में पांचवीं बार 200 से ज्यादा का लक्ष्य हासिल किया है। दूसरी ओर, आरसीबी के लिए यह सातवां मौका रहा जब टीम 200 से ऊपर का स्कोर बचाने में नाकाम रही।






