योगेंद्र मलिक
देहरादून, 13 अप्रैल 2026:
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को उत्तराखंड की राजधानी देहरादून के दौरे पर पहुंचेंगे। इस दौरान विकास परियोजनाओं के साथ जनसंपर्क का बड़ा संदेश देंगे। अपने दौरे की शुरुआत में पीएम मोदी बहुप्रतीक्षित देहरादून-दिल्ली एलिवेटेड एक्सप्रेस-वे का शुभारंभ करेंगे। इसे क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को नई गति देने वाला माना जा रहा है।
लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री करीब 12 किलोमीटर तक एलिवेटेड एक्सप्रेस रोड का निरीक्षण करेंगे। इस दौरान वे सड़क मार्ग से देहरादून शहर का भ्रमण भी करेंगे जिससे परियोजना की जमीनी हकीकत का जायजा लिया जाएगा। इसके बाद उनका कार्यक्रम देहरादून कैंट क्षेत्र के महेंद्र ग्राउंड में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करने का है। इसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री के इस महत्वपूर्ण दौरे को देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां पूरी तरह अलर्ट मोड में हैं। उत्तराखंड और यूपी पुलिस ने संयुक्त रूप से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। शहर को लगभग छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।
आईजी गढ़वाल के मुताबिक वीवीआईपी सुरक्षा के मद्देनजर सभी व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई है। सुरक्षा को 360 डिग्री पर चाक-चौबंद किया गया है। हजारों पुलिसकर्मियों, पीएसी और अन्य सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

वहीं आम जनता को असुविधा से बचाने के लिए प्रशासन ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया है। वीवीआईपी रूट को सुरक्षित रखते हुए कई प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्ट किया गया है। वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था के साथ यह सुनिश्चित करने की कोशिश की गई है कि लोगों की दैनिक आवाजाही प्रभावित न हो।






