Uttar Pradesh

सीएम ने सौंपी 951 करोड़ की परियोजनाएं, कहा…औद्योगिक अशांति फैलाने वालों से सतर्क रहें

योगी मुजफ्फरनगर पहुंचे, केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी के साथ अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का किया अनावरण, नियुक्ति पत्र पाने वाले युवाओं को बधाई दी

मुजफ्फरनगर, 13 अप्रैल 2026:

सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को मुजफ्फरनगर को 951 करोड़ की सौगात दी। युवाओं को नियुक्ति पत्र बांटे और अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा का अनावरण भी किया। इस मौके पर आयोजित जनसभा में सीएम ने साफ कहा कि प्रदेश में निवेश बढ़ा है यूपी ग्रोथ इंजन बना है, विकास का सकारात्मक माहौल बना है ऐसे में औद्योगिक अशांति पैदा करने वालों से सतर्क रहने की जरूरत है। सरकार किसी भी कर्मचारी के मानदेय में कटौती नहीं होने देगी।

सीएम द्वारा कार्यक्रम में विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया गया। केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के साथ मंच से सीएम ने भरोसा दिलाया कि विकास के मामले में सरकार जनता को निराश नहीं होने देगी। अब नौकरियों में सिफारिश, भाई-भतीजावाद की कोई जगह नहीं है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी है। मेहनत करने वाले युवाओं को अवसर मिलेगा। कार्यक्रम में करीब 11 हजार युवाओं ने रोजगार के लिए पंजीकरण कराया। जिन्हें नियुक्ति पत्र मिला, उन्हें बधाई दी, बाकी युवाओं को आगे अवसर देने की बात कही।

योगी ने कहा कि सेंटर ऑफ इनोवेशन, इनोवेशन एंड ट्रेनिंग के जरिए युवाओं को एआई, रोबोटिक्स, ड्रोन और 3डी प्रिंटिंग जैसी आधुनिक तकनीकों की ट्रेनिंग दी जाएगी, जिससे उनकी मांग बढ़ेगी और रोजगार के नए रास्ते खुलेंगे। देश के विकास में आधी आबादी की भूमिका बेहद अहम है। सरकार महिलाओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और आत्मनिर्भरता पर लगातार काम कर रही है।

WhatsApp Image 2026-04-13 at 5.03.02 PM

किसानों को लेकर कहा कि पिछली सरकारों में समय से गन्ना भुगतान नहीं हुआ। 2002 से 2017 तक जहां 2.14 लाख करोड़ रुपये का भुगतान हुआ, वहीं उनकी सरकार ने नौ साल में 3.16 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का भुगतान किया। मुजफ्फरनगर के गुड़ का जिक्र करते हुए किसानों की मेहनत की सराहना की।

सीएम ने कहा कि हमारी सरकार श्रमिकों के साथ है। सरकार उद्यमियों को सुरक्षा देगी और प्रत्येक श्रमिक को संरक्षण प्रदान करते हुए उन्हें उचित मानदेय भी सुनिश्चित करेगी। हमने गत वर्ष ही एक आउटसोर्सिंग कॉरपोरेशन का गठन किया था और इसी महीने उसकी सिफारिशें लागू होने जा रही हैं। आउटसोर्सिंग के माध्यम से कार्यरत कर्मचारियों को न्यूनतम मानदेय की गारंटी दी जाएगी, जो सीधे उनके खातों में हस्तांतरित की जाएगी साथ ही लोगों से अपील की कि औद्योगिक अशांति फैलाने की कोशिश करने वालों से सतर्क रहें और उन्हें सफल न होने दें।

महापुरुषों को लेकर कहा कि उन्हें जातीय दायरे में नहीं बांटना चाहिए। रानी लक्ष्मीबाई, महाराणा प्रताप, छत्रपति शिवाजी और गुरु गोविंद सिंह जैसे नायक पूरे देश के हैं। चौधरी चरण सिंह की 125वीं जयंती को भव्य रूप से मनाने की तैयारी चल रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश सुरक्षित है। वैश्विक हालात के बीच भारत में स्थिरता बनी हुई है। कार्यक्रम के अंत में बाबा साहेब भीमराव आंबेडकर की जयंती की पूर्व संध्या पर उन्हें श्रद्धांजलि दी और लोगों को शुभकामनाएं दीं। सीएम ने पोस्टर लहरा रहे कुछ समर्थकों को मंच पर बुलाकर उनसे मुलाकात भी की।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button