Lucknow City

हॉस्पिटल की चौथी मंजिल से गिरकर महिला मरीज की मौत…परिजनों का हंगामा

सुबह वार्ड के बाहर जमीन पर मिली बेसुध, CCTV में बाहर निकलती दिखी महिला, परिवार ने अस्पताल स्टाफ पर हत्या का आरोप लगाया

एमएम खान

मोहनलालगंज (लखनऊ), 13 अप्रैल 2026:

बंथरा थाना क्षेत्र के जुनाबगंज स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती महिला मरीज की चौथी मंजिल से गिरकर संदिग्ध हालात में मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए परिजन ग्रामीणों के साथ अस्पताल पहुंचे और जमकर हंगामा किया। परिवार ने अस्पताल प्रशासन पर हत्या का आरोप लगाया है, जबकि अस्पताल का कहना है कि महिला ने खुद कूदकर जान दी।

मृतका की पहचान किशुनपुर कौड़िया निवासी सीता दीक्षित 32 के रूप में हुई है। उनके पति अभय दीक्षित रोडवेज में संविदा बस ड्राइवर हैं। बताया जा रहा है कि सीता का कुछ समय से मानसिक संतुलन ठीक नहीं था और उसी का इलाज चल रहा था। परिजनों के मुताबिक, रविवार को तबीयत बिगड़ने पर सीता खुद अस्पताल पहुंची थीं। सूचना मिलने पर पति भी पहुंच गए। उन्हें चौथी मंजिल के जनरल वार्ड में भर्ती किया गया, जहां रात में पति भी साथ रुके थे। रात करीब 3 बजे अभय को झपकी लग गई। इसी दौरान सीता कमरे से निकल गईं।

WhatsApp Image 2026-04-13 at 5.48.20 PM

सुबह करीब 6 बजे सीता वार्ड के सामने नीचे जमीन पर बेसुध हालत में पड़ी मिलीं। सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और मौत की खबर मिलते ही आक्रोश फैल गया। अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा चलता रहा। CCTV फुटेज में तड़के करीब 4 बजे सीता को वार्ड से बाहर निकलते देखा गया है। फुटेज में उनकी चप्पलें नीचे गिरती दिख रही हैं, लेकिन गिरने का दृश्य साफ नहीं है। इसी बात को लेकर परिजन सवाल उठा रहे हैं।

मृतका के भाई नीरज ने अस्पताल के डॉक्टरों और स्टाफ के खिलाफ हत्या का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी है। उनका कहना है कि अगर चौथी मंजिल से गिरने की बात सही है तो मौके पर खून के निशान क्यों नहीं मिले। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल ने सबूत मिटाने की कोशिश की। सूचना पर कृष्णानगर एसीपी रजनीश वर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और परिजनों को कार्रवाई का भरोसा दिया। बंथरा इंस्पेक्टर राणा राजेश सिंह ने बताया कि तहरीर मिल गई है, उसी के आधार पर जांच की जा रही है।

WhatsApp Image 2026-04-13 at 5.48.21 PM

डीसीपी दक्षिणी अमित कुमार आनंद ने कहा कि महिला की मौत गिरने से हुई है, बाकी सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतका के पति अभय ने बताया कि रात में दोनों ने साथ खाना खाया था। सीता रात 2 बजे उठीं, वॉशरूम गईं, फिर आकर सो गईं। तड़के कब उठकर बाहर गईं, उन्हें पता नहीं चला। सुबह नर्स ने आकर बताया कि वह नीचे गिर गई हैं, जिसके बाद उन्हें आईसीयू ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर बताई।

परिवार का आरोप है कि अस्पताल प्रशासन ने समय पर पुलिस को सूचना नहीं दी। इसको लेकर भी विवाद खड़ा हो गया है। मृतका के भाई धीरज तिवारी ने अस्पताल के चेयरमैन समेत स्टाफ के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button