Varanasi

वाराणसी: सिक्स लेन सड़क के लिए बुलडोजर एक्शन… लहरतारा-बौलिया में सौ मकान ध्वस्त

एक साल पहले जारी हुए थे नोटिस, नहीं हटे निर्माण तो शुरू हुई कार्रवाई, 31 किमी सड़क प्रोजेक्ट के तहत शहर के भीतर बढ़ेगा नेटवर्क, जनवरी 2025 से रुका था काम

विकास गोंड

वाराणसी, 16 अप्रैल 2026:

शहर में सड़कों के चौड़ीकरण अभियान के तहत गुरुवार सुबह लहरतारा-बौलिया इलाके में लोक निर्माण विभाग ने 6 लेन सड़क निर्माण में बाधा बन रहे करीब 100 मकानों पर बुलडोजर चला दिया। विरोध के बीच अचानक शुरू हुई कार्रवाई से इलाके में हलचल रही, मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया।

विभाग के मुताबिक इन मकानों को हटाने के लिए करीब एक साल पहले नोटिस दिया गया था। दावा है कि यह जमीन वन विभाग की श्रेणी में आती है, जहां अवैध निर्माण कर लिया गया था। नोटिस के बाद भी निर्माण नहीं हटाया गया, इसके बाद अब सख्ती के साथ ध्वस्तीकरण शुरू किया गया।

WhatsApp Image 2026-04-16 at 2.22.03 PM

यह कार्रवाई मोहनसराय बाईपास से मुगलसराय तक बन रही करीब 31 किलोमीटर लंबी 6 लेन सड़क परियोजना का हिस्सा है। इस प्रोजेक्ट के तहत मोहनसराय बाईपास से बौलिया तिराहा तक सड़क का काम पहले ही पूरा हो चुका है। आगे यह सड़क शहर के भीतर कैंट स्टेशन, राजघाट, पड़ाव चौराहा होते हुए मुगलसराय तक जाएगी। इस पूरी योजना के लिए करीब 197.40 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं।

बौलिया तिराहा के आगे सड़क निर्माण जनवरी 2025 से अटका हुआ था। वजह यह रही कि सड़क घनी आबादी के बीच से गुजर रही है। सर्वे के बाद करीब 100 मकानों को चिह्नित किया गया था, जिन पर लाल निशान लगाकर खुद निर्माण हटाने को कहा गया। जुलाई 2025 से इलाके में मुनादी भी कराई जा रही थी।

इस मामले को लेकर पहले सियासी हलचल भी हुई थी। नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने जुलाई 2025 में मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई रोकने की मांग की थी। फिलहाल प्रशासन का कहना है कि पूरी कार्रवाई नियमों के तहत की जा रही है। मौके पर हालात तनावपूर्ण रहे, मगर स्थिति नियंत्रण में है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button