National

बंगाल में दहाड़े योगी, यूपी की मिसाल देकर कहा… गोमाता कटने नहीं देंगे, हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे

बाराबनी रामपुर हाट व बोलपुर विधानसभा में हुईं जनसभाओं में TMC पर किया तीखा हमला, कहा मौलाना व गुंडे सड़को पर झाड़ू लगाते दिखेंगे, माफिया राज, कटमनी, बेरोजगारी पर भी घेरा, भाजपा के पक्ष में बनाया माहौल

न्यूज डेस्क, 16 अप्रैल 2026:

पश्चिम बंगाल चुनाव नजदीक आते ही सियासी माहौल गरम है। इसी कड़ी में यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को एक ही दिन में तीन विधानसभा क्षेत्रों में जनसभाएं कर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने की पूरी ताकत झोंक दी। उन्होंने आसनसोल की बाराबनी, बीरभूम के रामपुरहाट और बोलपुर सदर में रैलियां कीं और TMC, कांग्रेस व वामपंथी दलों पर तीखा हमला बोला।

योगी आदित्यनाथ ने बेहद आक्रामक अंदाज में कहा कि क्रांतिभूमि पश्चिम बंगाल में परिवर्तन की बयार अब जनसंकल्प बन चुकी है। TMC के भ्रष्टाचार, अराजकता और तुष्टीकरण के खिलाफ जनाक्रोश अब जनक्रांति का रूप ले चुका है। उन्होंने कहा, आप चिंता मत करिए, हम यहां से TMC का सूपड़ा साफ करवा देंगे। उन्होंने श्यामा प्रसाद मुखर्जी का जिक्र करते हुए कहा कि उनके सपनों को प्रधानमंत्री के नेतृत्व में साकार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि आजादी के बाद बंगाल विकास के रास्ते पर था और देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन माना जाता था। यहां रोजगार था, किसान खुशहाल थे, उद्योग मजबूत थे। लेकिन पहले कांग्रेस, फिर वामपंथ और पिछले 15 वर्षों में TMC ने इसे भ्रष्टाचार, भय और अराजकता का केंद्र बना दिया। संसाधनों पर माफिया हावी हैं, नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा, किसान अपनी उपज का दाम न मिलने से पलायन को मजबूर हैं।

WhatsApp Image 2026-04-16 at 3.57.45 PM

कांग्रेस, कम्युनिस्टों और TMC ने अपनी तुष्टीकरण की ‘नाश नीति’ के कारण बंगाल की धरती को कठमुल्लापन की राजनीति का अड्डा बना दिया है। कोलकाता हाईकोर्ट ने TMC की सरकार को कहा था। यूपी से बुलडोजर मंगा लो, गुंडों के उपचार का एकमात्र वही साधन बचा है।

बाराबनी की सभा में योगी ने बंगाल की विरासत का जिक्र करते हुए रवींद्रनाथ ठाकुर, स्वामी विवेकानंद, खुदीराम बोस, सुभाष चंद्र बोस और अरविंद घोष को याद किया। उन्होंने कहा कि यह वही भूमि है जिसने देश को जन-गण-मन और वंदेमातरम दिया। वंदेमातरम के 150 वर्ष पूरे होने का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे बंगाल को अराजकता से मुक्त कराने का वक्त बताया।

TMC पर हमला तेज करते हुए योगी ने कहा कि राज्य में टेरर, माफिया राज, कटमनी और करप्शन चरम पर है। सैंड माफिया, कोल माफिया, लैंड माफिया सक्रिय हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र से भेजा गया पैसा TMC के गुंडे हजम कर जाते हैं और जनता तक नहीं पहुंचता। उन्होंने कहा कि आम लोगों और बहन-बेटियों के सामने भय का माहौल खड़ा किया गया है।

ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए योगी ने कहा कि उनके नेतृत्व में बंगाल क्राइम कैपिटल बन गया है। उन्होंने साफ कहा, जिन लोगों ने बंगाल को टेरर, माफिया राज और कटमनी का अड्डा बना दिया है, वह TMC अब नहीं चाहिए।

योगी ने कहा, गोमाता को कटने नहीं देंगे, हिंदुओं को बंटने नहीं देंगे। किसी माफिया, गुंडे या मौलाना के दबाव में मत आइए। उन्होंने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर ऐसे लोग सड़कों पर झाड़ू लगाते नजर आएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि बंगाल सैंड माफिया, कोल माफिया, लैंड माफिया और सत्ता के संरक्षण में पल रहे गिरोहों के चंगुल में है और डबल इंजन की सरकार ही इसका इलाज है।

राम मंदिर का जिक्र करते हुए योगी ने कहा कि पहले रामजन्मभूमि के लिए आंदोलन करना पड़ता था, रामभक्तों पर गोलियां चलती थीं, लेकिन अब अयोध्या में भव्य मंदिर बन चुका है। उन्होंने कहा कि इसे कोई नहीं रोक पाया और आगे भी भाजपा के काम को कोई नहीं रोक पाएगा।

यूपी का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि कुछ साल पहले वहां भी दंगे, माफिया और असुरक्षा का माहौल था, लेकिन आज स्थिति बदल चुकी है। माफिया पर कार्रवाई हुई, उनकी संपत्ति से गरीबों के लिए आवास बने और कानून व्यवस्था मजबूत हुई। उन्होंने कहा कि यूपी में अब न कर्फ्यू लगता है, न दंगे होते हैं और हालात पूरी तरह नियंत्रण में हैं।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button