LDA की टीम पर हमला, अधिकारी-कर्मचारी घायल, भीड़ ने जेसीबी, पुकलैंड व गाड़ियां तोड़ीं
सुशांत गोल्फ सिटी में अवैध निर्माण पर कार्रवाई के दौरान हुई घटना, पूर्व ब्लॉक प्रमुख सहित दो नामजद व कई अज्ञात पर केस, सख्त कार्रवाई के निर्देश
लखनऊ, 17 अप्रैल 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण व प्लाटिंग के खिलाफ चल रहे अभियान के क्रम में कार्रवाई करने पहुंची लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) की टीम पर सुशांत गोल्फ सिटी क्षेत्र में दबंगों ने हमला बोल दिया। लाठी-डंडों से लैस हमलावरों ने टीम पर पथराव करने के साथ जेसीबी, पुकलैंड, डम्पर और बोलेरो समेत कई वाहनों में तोड़फोड़ कर दी। इस हमले में जोनल अधिकारियों सहित कई कर्मचारी घायल हो गए।
इस हमले से मौके पर अफरातफरी मच गई। एलडीए के अधिकारियों के अनुसार ग्राम चिलौला में करीब 5,000 वर्गफुट क्षेत्र में कासिम बाबा व अन्य द्वारा अवैध रूप से व्यावसायिक कॉम्पलेक्स का निर्माण कराया गया था। मामले में विहित न्यायालय द्वारा ध्वस्तीकरण के आदेश जारी किए गए थे। इसी के अनुपालन में प्रवर्तन जोन-1 के जोनल अधिकारी देवांश त्रिवेदी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे थे। प्रवर्तन जोन-2 के जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह सहयोग के लिए मौजूद थे।

कार्रवाई के दौरान अवैध दुकानों को ढहाने का काम शुरू होते ही पूर्व ब्लॉक प्रमुख नरेन्द्र रावत और दीपू यादव अपने समर्थकों के साथ मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते भीड़ उग्र हो गई और टीम के खिलाफ गाली-गलौज करते हुए हमला कर दिया। हमलावरों ने पथराव करते हुए सरकारी संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचाया।
इस हिंसक घटना में जोनल अधिकारी रवि नंदन सिंह और देवांश त्रिवेदी सहित कई कर्मचारियों को चोटें आई हैं। घटना को गंभीरता से लेते हुए एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
एलडीए के सचिव विवेक श्रीवास्तव ने बताया कि मामले में प्रवर्तन जोन-1 में तैनात अवर अभियंता शिवानंद शुक्ला की ओर से सुशांत गोल्फ सिटी थाने में नरेन्द्र रावत, दीपू यादव समेत अन्य अज्ञात हमलावरों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुट गई है।






