लखनऊ, 18 मई 2026:
यूपी की योगी सरकार ने राजधानी लखनऊ को देश के बड़े मेडिकल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। यूपी कैबिनेट बैठक में डॉ. राम मनोहर लोहिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज के नवीन परिसर में 1010 बेड वाले अत्याधुनिक मल्टी स्पेशलिटी इमरजेंसी सेंटर अस्पताल, नए ओपीडी ब्लॉक और टीचिंग ब्लॉक निर्माण परियोजना को मंजूरी दे दी गई। इस महत्वाकांक्षी परियोजना पर 855 करोड़ 4 लाख 34 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे।
प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने बताया कि यह परियोजना राजधानी के शहीद पथ स्थित गोमती नगर विस्तार सेक्टर-7 में विकसित की जाएगी। अस्पताल में गंभीर और आपातकालीन मरीजों के इलाज के लिए आधुनिक तकनीक से लैस सुविधाएं उपलब्ध होंगी। 1010 बेड की क्षमता वाला यह सेंटर प्रदेश के सबसे बड़े इमरजेंसी चिकित्सा केंद्रों में शामिल होगा।
सरकार का फोकस केवल इलाज तक सीमित नहीं है। मेडिकल शिक्षा को भी नई ऊंचाई देने की तैयारी है। परियोजना के तहत 200 सीटों की क्षमता वाला नया टीचिंग ब्लॉक भी बनाया जाएगा, जहां मेडिकल छात्रों को आधुनिक संसाधनों और उन्नत तकनीक के साथ प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा नया ओपीडी ब्लॉक बनने से मरीजों की बढ़ती भीड़ को नियंत्रित करने और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने में मदद मिलेगी।
सरकार का दावा है कि इस नई स्वास्थ्य अवसंरचना के तैयार होने के बाद प्रदेश के विभिन्न जिलों से आने वाले मरीजों को राजधानी में तेज, सुलभ और विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधाएं मिल सकेंगी। इससे लखनऊ का मेडिकल नेटवर्क और मजबूत होगा तथा गंभीर मरीजों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।






