लखनऊ, 20 मई 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ को फूड, पर्यटन और आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का नया हब बनाने की दिशा में लखनऊ विकास प्राधिकरण (एलडीए) ने बड़ा कदम बढ़ाया है। गोमतीनगर के विभूतिखण्ड में अब ‘ओडीओसी पार्क’ विकसित किया जाएगा। इससे प्रदेश के अलग-अलग जिलों के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजनों का स्वाद एक ही जगह पर मिलेगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने स्थल निरीक्षण कर अधिकारियों को प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
नवनिर्मित गोमतीनगर रेलवे स्टेशन के पास करीब 8 हजार वर्गमीटर भूमि पर बनने वाले इस पार्क को दिल्ली हाट की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। यहां 40 से अधिक फूड क्यॉस्क बनाए जाएंगे जिनमें प्रदेश के विभिन्न जनपदों की खास डिशेज उपलब्ध होंगी। पार्क में बैठने की बेहतर व्यवस्था, आकर्षक सौंदर्यीकरण और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। एलडीए का मानना है कि इससे न सिर्फ राजधानीवासियों को नया फूड डेस्टिनेशन मिलेगा, बल्कि स्थानीय कारीगरों और कारोबारियों के लिए रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम से अनापत्ति प्रमाण पत्र लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसी के साथ गोमतीनगर के विक्रांतखण्ड में बना बजट होटल अब हाई-एंड लग्जरी होटल के रूप में नजर आएगा। एलडीए ने इसे 5 स्टार रेटिंग के साथ ‘हयात सेंट्रिक’ के रूप में संचालित करने की तैयारी तेज कर दी है।
उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने होटल परिसर का निरीक्षण कर निर्माण और री-डिजाइनिंग कार्य की प्रगति की समीक्षा की। अधिकारियों के मुताबिक अगले छह माह में मरम्मत का कार्य पूरा कर लिया जाएगा। करीब 10,968 वर्गमीटर क्षेत्रफल में बने इस 8 मंजिला होटल में 186 लग्जरी कमरे, फूड कोर्ट, मीटिंग हॉल, डाइनिंग एरिया और टेरेस गार्डेन जैसी आधुनिक सुविधाएं होंगी। होटल शुरू होने के बाद एलडीए को लगभग 378 करोड़ रुपये की आय होने का अनुमान है।
वहीं अयोध्या हाईवे स्थित कैलाशकुंज कॉम्पलेक्स के पुनर्विकास की तैयारी भी तेज हो गई है। एलडीए ने कॉम्पलेक्स परिसर में मुनादी कराने के बाद आवंटियों से बातचीत शुरू की है। अब तक 74 आवंटियों से सकारात्मक वार्ता हुई है जबकि 24 आवंटी री-डेवलपमेंट के लिए सहमति दे चुके हैं। उपाध्यक्ष ने शेष आवंटियों के साथ जल्द बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं।






